सोलन का संयम और नालागढ़ का हर्ष सेना में बने लैफ्टिनैंट

Saturday, Jun 08, 2019 - 08:28 PM (IST)

सोलन/नालागढ़: जिला सोलन का संयम कौशल भारतीय सेना में बतौर अधिकारी सेवाएं देगा। शनिवार को संयम भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून में परेड से पासआऊट होकर भारतीय सेना का अंग बन गए। संयम कौशल ने बताया कि उनका बचपन का सपना साकार हुआ है और वह शुरू से ही भारतीय सेना में सेवाएं देना चाहते थे। सोलन के सैंट ल्यूक्स स्कूल से शिक्षा प्राप्त करने के बाद उनका चयन राष्ट्रीय रक्षा अकादमी पुणे में हो गया और अब उन्हें भारतीय सेना में अपनी सेवाएं देने का मौका मिल गया है। इस अवसर पर उनके साथ उनकी माता पुनीत कौशल व बहन स्तुति कौशल व परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। संयम की माता शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं।

साई चढ़ोग का हर्ष अरुणाचल में देगा सेवाएं

वहीं नालागढ़ के साई चढ़ोग का हर्ष ठाकुर सेना में लैफ्टिनैंट बना है। उनकी पहली पोस्टिंग अरुणाचल में हुई है। साई चढ़ोग के सूबेदार मेजर मंगल सिंह के घर पैदा हुए हर्ष ठाकुर ने पढ़ाई आर्मी स्कूल जालंधर में की है। उसके बाद सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा में 12वीं करने के बाद चंडीगढ़ की पी.यू. से बी.एससी. की है। हर्ष की सी.डी.एस. टैस्ट पास करने के बाद सीधी भर्ती लैफ्टिनैंट के रूप में हुई है। मंगल सिंह ने बताया कि हर्ष का सेना में देश सेवा करने का जज्बा पहले से था जिसके चलते उसे सैनिक स्कूल में शिक्षा दिलाई गई। वह भी देश सेवा में लगे हुए हैं और आगे उनका बेटा भी देश सेवा करना चाहता है।

Vijay