अंत्योदय छात्रवृत्ति योजना की राशि कम, कैसे खोलें खाते हम

Sunday, Dec 30, 2018 - 03:58 PM (IST)

सोलन (नरेश): अंत्योदय छात्रवृत्ति योजना गरीब बच्चों के साथ एक मजाक बन कर रह गई है। इस योजना में गरीब बच्चों को साल में महज 150 से 800 रुपए ही मिल रहे हैं। इसके लिए भी उन्हें बैंकों में खाते खोलने पड़ रहे हैं। इसके लिए बच्चों को अपने घरों से काफी दूर जाना पड़ रहा है क्योंकि बैंकों की सुविधा प्रत्येक पंचायत स्तर पर उपलब्ध ही नहीं है। यही कारण है कि जिला प्रारम्भिक शिक्षा विभाग द्वारा अंत्योदय छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे डी.डी.ओ. (प्रधानाचार्य या मुख्याध्यापक) के बैंक खातों में जमा की जा रही है और इसके बाद बच्चों के बैंक खातों में जमा की जाएगी।

अंत्योदय छात्रवृत्ति योजना के तहत होना है वितरण

विदित रहे कि जिला सोलन में अंत्योदय छात्रवृत्ति योजना के तहत वर्ष 2018-19 के लिए छात्रवृत्ति का वितरण किया जाना है। इस योजना के तहत पहली से 5वीं कक्षा तक के अंत्योदय परिवार के गरीब बच्चों को 150-150 रुपए की वार्षिक छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। इसी तरह किसी छात्रा की साल में 90 फीसदी से अधिक स्कूल में हाजिरी होने पर साल के 20 रुपए की वार्षिक छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। बच्चों को इस राशि के लिए बैंक में खाते खोलना अनिवार्य है। कई क्षेत्रों में बैंक इतनी दूर हैं कि इससे ज्यादा राशि तो किराए में ही खर्च हो जाएगी। यही कारण है कि कई गरीब बच्चों ने अपने खाते ही नहीं खोले हैं।

बी.पी.एल. बच्चों को महज 40 रुपए की वार्षिक छात्रवृत्ति  

इसी तरह बी.पी.एल. बच्चों को तो इससे भी कम राशि मिल रही है। बी.पी.एल. बच्चों को इस योजना के तहत महज 40 रुपए की वार्षिक छात्रवृत्ति मिल रही है। इस राशि के लिए बच्चों को बैंकों में खाते खोलने के लिए मजबूर होना पड़ा है। इसी तरह इस योजना के तहत छठी से 8वीं तक के बच्चों को 250 रुपए की वार्षिक छात्रवृत्ति मिलती है जबकि छात्राओं के लिए यह राशि 500 रुपए है। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली छात्रवृत्ति परीक्षा का टैस्ट पास करने पर गरीब बच्चों को इस योजना के तहत 800 रुपए की राशि प्रदान की जाती है। सरकार ने गरीब बच्चों को राहत प्रदान करने के लिए छात्रवृत्ति योजना तो शुरू कर दी है, लेकिन समय के अनुसार इसकी धनराशि को बढ़ाना भूल गई है।

डी.डी.ओ. के खातों को हस्तांतरित की जा रही राशि

जिला प्रारंभिक शिक्षा सोलन के उपनिदेशक बी.सी.चौहान ने बताया कि अंत्योदय छात्रवृत्ति योजना की धनराशि संबंधित स्कूल के डी.डी.ओ. के खातों को हस्तांतरित की जा रही है। डी.डी.ओ. की जिम्मेदारी है कि इस राशि को स्कूल के पात्र बच्चों के खातों में जमा करें। बच्चों की सूची भी स्कूल को भेजी गई है।

Vijay