तेंदुए की खाल वाले बाबा एक बार फिर विवादों में, जानिए क्या है वजह

Wednesday, Apr 26, 2017 - 03:21 PM (IST)

सोलन (प्रदीप भाटिया): साधुपुल में श्रीराम लोक मंदिर के हाई प्रोफाइल बाबा अमरदेव एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। आरोप है कि बाबा अमरदेव ने एक स्थानीय महिला पर तेजधार हथियार से हमला किया। बताया जा रहा है कि इसके बाद गांव वाले भड़क गए जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात सुधारने में जुट गई। इसके बाद बाबा को पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां पर उनका बयान दर्ज किया गया। घायल महिला को कंडाघाट अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। पुलिस बाबा का मेडिकल भी करवा रही है और मामले की छानबीन जारी है।


विवादों में रहे हैं बाबा अमरदेव
अमरदेव पहले भी विवादों में रहे हैं। कई बड़े नेता बाबा के भक्त हैं, जो उनके दरबार में आकर नतमस्तक होते रहे हैं। अप्रैल 2016 में पुलिस की टीम ने बाबा के पास से तेंदुए की चार खालें बरामद की थी। इस मामले में उनको हिरासत में भी लिया गया लेकिन बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया। इसके अलावा बाबा के आश्रम श्रीराम लोक मंदिर पर सरकारी भूमि पर कब्जा करने का आरोप लगा था। इस मामले में 19 अप्रैल 2016 को मंदिर को जिला प्रशासन ने नोटिस भी जारी किया था।