स्कूल के CCTV में कैद हुआ तेंदुआ, लोगों के उड़े होश

Friday, Jan 12, 2018 - 10:00 PM (IST)

तेलका: इन दिनों तेलका क्षेत्र के लोग तेंदुए से खौफजदा हैं। इसके चलते लोगों को शाम होते ही अपने घरों में दुबकने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। यही नहीं, तेलका में तेंदुए की मौजूदगी के चलते लोगों में किसी अप्रिय घटना के होने का भी अंदेशा बना हुआ है। यह स्थिति तब पैदा हुई, जब तेलका स्कूल के मैदान में रात के अंधेरे में आराम से तेंदुए को बैठा हुआ लोगों ने देखा। तेंदुए की तेलका में मौजूदगी का पता तब चला, जब तेलका स्कूल में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे में उक्त तेंदुआ कैद हुआ। स्कूल प्रबंधन ने अपने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाने के लिए यह कैमरा लगाया हुआ है। 

कैमरे की फुटेज देख उड़े स्कूल प्रबंधन के होश 
शुक्रवार को जब स्कूल प्रबंधन ने इस कैमरे की फुटेज को देखा तो उसके होश उड़ गए। स्कूल प्रबंधन ने इस बारे स्थानीय लोगों को आगाह किया। कैमरे में यह साफतौर पर देखने को मिला है कि उक्त तेंदुआ बिना किसी भय के मैदान में आराम कर रहा है तो साथ ही वह मैदान में घूमता हुआ भी नजर आया। ग्रामीणों का कहना है कि यह तेंदुआ अपने भोजन की तलाश में इस रिहायशी क्षेत्र का रुख किए हुए है। उन्होंने बताया कि अब तक यह तेंदुआ गांव के करीब 6 कुत्तों को अपना शिकार बना चुका है। तेंदुए इस मौजूदगी के चलते सालवां, मौड़ा व बाड़का पंचायतों के लोग सहमे हुए हैं।

लोगों की आशंका हुई पुख्ता
लोगों का कहना है कि जिस तरह से पिछले कुछ दिनों से गांवों के कुत्ते लापता हो रहे थे, उससे यह पूरी संभावना थी कि क्षेत्र में तेंदुआ मौजूद है लेकिन जब उन्होंने कैमरे में इसकी मौजूदगी को देखा है तो उनकी आशंका पुख्ता होती नजर आई। धर्मेंद्र कुमार, हेमराज, विपन कुमार, संतोष कुमार, हंस राज, दौलत राम, प्रकाश कुमार, कर्म चंद व कुलदीप का कहना है कि वन विभाग इस तेंदुए को रिहायशी क्षेत्र से दूर खदेड़े ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की अप्रिय घटना का सामना न करना पड़े तो साथ ही उन्हें तेंदुए के खौफ से निजात मिले।