बकरियां चरा रहे किसान पर तेंदुए ने किया हमला, लोगों में दहशत

Thursday, Jun 01, 2017 - 06:30 PM (IST)

सुंदरनगर (नितेश सैनी): सुंदरनगर के निकट हल्यातर पंचायत में तेंदुए ने बकरियों चरा रहे एक किसान पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल व्यक्ति की पहचान हल्यातर निवासी ज्ञान चंद (54) पुत्र गांधी राम के रूप में की गई है। इस घटना से लोगों में दहशत फैल गई है। जानकारी के अनुसार ज्ञान चंद प्रतिदिन की तरह बकरियां चरा रहा था। इसी दौरान साथ लगते बेरकोट के जंगल से एक तेंदुए ने अचानक उस पर हमला बोल दिया, जिससे उसके कान का एक भाग कट गया तथा सिर, छाती व पीठ पर खरोंचें आई हैं। घटना के तुरंत बाद परिजनों ने उसे नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां वह उपचाराधीन है।



तेंदुए को पिंजरा लगाकर पकडऩे की मांग 
हल्यातर पंचायत के प्रधान रोशन लाल ने कहा कि पुलिस और वन विभाग को घटना की जानकारी दी गई है और तेंदुए को पिंजरा लगाकर पकडऩे की मांग की है। उधर, वन्य प्राणी विहार वन विभाग के यहां कार्यरत रेंज अधिकारी ने मामले में कार्रवाई करने से इंकार किया है। वन मंडल अधिकारी सुकेत सुनील भारद्वाज ने कहा कि वन विभाग से घटना की रिपोर्ट मांगी गई है।