तेंदुए ने घर में सो रहे व्यक्ति पर किया हमला, हालत गंभीर

Monday, Apr 04, 2022 - 02:22 PM (IST)

बिलासपुर: घुमारवीं उपमंडल के तहत ग्राम पंचायत कुहमझवाड़ भयानक हादसा सामने आया है। कुट लेंगड़ी गांव में तेंदुए ने घर में घुसकर रात के समय व्यक्ति पर हमला किया। व्यक्ति के हाथ और बाजू पर काफी  चोटें लगी हैं। जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात को कुट लेंगड़ी गांव का व्यक्ति जोगिंद्र सिंह अपने परिवार के साथ घर में सो रहा था। घर का दरवाजा खुला होने के कारण तेंदुआ करीब 11 बजे अंदर आ गया और जोगिंद्र पर हमला कर दिया। जोगिंदर हिम्मत दिखाते हुए तेंदुए से लड़ पड़ा। परिवार के सदस्यों ने जब शोर मचाया तो सारे पड़ोसी उनके घर आ गए और तेंदुआ वहां से भाग गया। घायल जोगिंद्र को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। पंचायत उपप्रधान रत्न सिंह ठाकुर ने बताया कि तेंदुए के घर आने से सारे क्षेत्र में डर का माहौल बना हुआ है। उन्होंने वन विभाग से मांग की तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे का उपयोग किया जाए। 

Content Writer

Prashar