बकरियां चराने गए व्यक्ति पर झपटा तेंदुआ, ऐसे बचाई जान

Thursday, Jul 20, 2017 - 01:32 AM (IST)

मंडी: बल्ह के सरध्वार क्षेत्र के बाशिंदे तेंदुए के आतंक से सहमे हुए हैं। जानकारी के अनुसार मंगलवार सायं करीब 6 बजे बकरियां चराने गए अमर सिंह पुत्र लाल सिंह पर तेंदुआ झपट पड़ा लेकिन अमर सिंह ने बहादुरी दिखाते हुए निडरता से उसका सामना किया और उसे वहां से भगा दिया। अमर सिंह ने कहा कि जैसे ही तेंदुआ उस पर झपटा तो उसने उस पर डंडे से प्रहार कर दिया, जिससे वह कुछ देर के लिए रुक गया। उसके बाद तेंदुआ फिर उस पर झपटा और करीब 3 मिनट के बाद अमर सिंह ने तेंदुए के सिर पर डंडे का प्रहार किया, जिससे वह भाग गया। 

सिर और बाजू पर आईं खरोंचेें
हालांकि तेंदुए का सामना करते हुए अमर सिंह को सिर व बाएं बाजू पर खरोंचें भी आई हैं। उसके बाद अमर सिंह उपचार के लिए जोनल अस्पताल पहुंचा, जहां डाक्टरों ने इलाज कर बुधवार दोपहर बाद उसे छुट्टी दे दी है। स्थानीय पंचायत प्रधान दत्त राम, पीड़ित व्यक्ति अमर सिंह व स्थानीय लोगों ने वन विभाग व प्रशासन से मांग उठाई है कि तेंदुए को पकड़ कर लोगों को उसके आतंक से राहत दिलाई जाए।