वार्ड पंच के घर में घुसा तेंदुआ, पालतु कुत्ते ने ऐसे बचाई 6 लोंगों की जान

Saturday, Jun 10, 2017 - 06:48 PM (IST)

हमीरपुर: हमीरपुर विस क्षेत्र की ग्राम पंचायत टिक्कर डिडवीं के वार्ड नंबर 7 में एक पालतू कुत्ते ने अपनी जान पर खेलकर तेंदुए से 6 लोगों की जान बचाई। इसके चलते यह कुत्ता चर्चा व प्रशंसा का पात्र बना हुआ है। हुआ यूं कि वीरवार शाम करीब साढ़े 7 बजे टिक्कर डिडवीं पंचायत के वार्ड नंबर 7 के वार्ड पंच राजेंद्र शर्मा के घर पर तेंदुए ने हमला बोल दिया, जिससे परिवार के सभी 6 सदस्य डर के मारे घर में घुस गए। इस दौरान घर के आंगन में पिंजरे में बंधा कुत्ता तेंदुए को देखकर भौंकने लगा तथा कुत्ते ने तेंदुए को खदेडऩे के लिए पिंजरे को ही उखाड़ दिया।



1 किलोमीटर तक किया तेंदुए का पीछा 
कुत्ता करीब 1 किलोमीटर तक तेंदुए का पीछा करता रहा। हालांकि इस दौरान तेंदुए ने कुत्ते के गले पर हमला भी किया लेकिन कुत्ता तेंदुए को खदेडऩे में पीछे नहीं हटा। ग्रामीण अब बहादुर कुत्ते का उपचार करवा रहे हैं। डा. मनोज डोगरा, विजय कुमार, पिंकू व मन्नू सहित अन्य ने वन विभाग से तेंदुए को पकडऩे की गुहार लगाई है।