भाई के साथ स्कूटी पर जा रही थी लड़की, अचानक तेंदुए ने कर दिया हमला

punjabkesari.in Thursday, Sep 10, 2020 - 06:01 PM (IST)

टाहलीवाल (गौतम): टाहलीवाल-हरोली क्षेत्र के तहत गांव कलेहड़ा-चंदपुर मार्ग पर बाबा गोसाईं मंदिर के पास तेंदुए द्वारा एक लड़की पर हमला करने का मामला सामने आया है। पूबोवाल के ओझला निवासी 21 वर्षीय लड़की जब अपने भाई के साथ स्कूटी पर चंदपुर-कलेहड़ा मार्ग पर जा रही थी तो अचानक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। स्थानीय लोगों द्वारा तेंदुए के हमले में घायल हुई लड़की को इलाज के लिए हरोली अस्पताल पहुंचाया गया।

तेंदुए के हमले की जानकारी पंचायत प्रतिनिधियों व गांववासियों द्वारा वन विभाग को दी गई। वन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके का निरीक्षण कर तेंदुए को पकडऩे के लिए जाल बिछाना आरंभ कर दिया है। गांववासियों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी तेंदुआ 2-3 बार देखा जा चुका है लेकिन प्रत्यक्ष प्रमाण न होने के कारण संबंधित विभाग ने कोई एक्शन नहीं लिया था। अब जब यह घटना सामने आई तो क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है।

गौरतलब है कि डेढ़-दो माह पहले भी इसी क्षेत्र के एक गांव के वन क्षेत्र में एक पेड़ पर बैठे तेंदुए की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। उस समय भी वन विभाग को तेंदुए का कोई सुराग नहीं मिला था। बहरहाल वन विभाग की टीम ने गोसाईं मंदिर कलेहड़ा के पास तेंदुए को पकडऩे के लिए जाल बिछाना शुरू कर दिया है। इसकी निगरानी के लिए वन गार्ड की ड्यूटी भी लगाई जा रही है और अन्य औपचारिकताएं पूरी कर तेंदुए पर शिकंजा कसा जाएगा। इस बात की पुष्टि रेंज अधिकारी ऊना सुमित शर्मा ने की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News