तेंदुए ने फिर फैलाई दहशत, आए दिन बकरियों को बना रहा अपना निशाना

Sunday, Sep 17, 2017 - 05:04 PM (IST)

धर्मपुर : तेंदुए का खौफ कम होने का नाम नहीं ले रहा। आबादी की ओर आकर दहशत फैलाने वाला तेंदुआ अब बेजुबानों का शिकार कर रहा है। धर्मपुर क्षेत्र में उपमंडल धर्मपुर के तहत बनाल पंचायत में तेंदुए के आतंक से लोग भयभीत हैं। तेंदुआ आए दिन बकरियों को अपना निवाला बना रहा है। जानकारी के अनुसार गत रात तेंदुए ने रोशन लाल गांव बनाल की बकरी पर हमला कर उसे घायल कर दिया। गनीमत रही कि मालिक ने बकरी के चिल्लाने की आवाज सुन ली तथा बकरी को तेंदुए से बचा लिया। लोगों के शोरगुल करने पर तेंदुआ भाग गया। घायल बकरी को अस्पताल लाया  गया और मरहम पट्टी करवा कर घर ले आए। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की गुहार लगाई है।