इस Museum की शोभा बनेगा विश्व का सबसे लंबा नरभक्षी तेंदुआ

Friday, Jan 06, 2017 - 09:38 PM (IST)

बिलासपुर: घुमारवीं तहसील के पट्टा गांव में 23 दिसम्बर, 2016 को प्रोफैशनल शार्प शूटरों द्वारा मार गिराया गया भीमकाय नरभक्षी तेंदुआ कुफरी-शिमला के वन्य प्राणी म्यूजियम की शोभा बनने जा रहा है। यह तेंदुआ हिमाचल प्रदेश के इतिहास में अब तक मारा गया सबसे भीमकाय तेंदुआ तो है ही लेकिन यह भी माना जा रहा है कि 8 फुट 7 इंच लंबा यह तेंदुआ विश्व के इतिहास में अब तक मार गिराया गया सबसे बड़ा तेंदुआ भी हो सकता है। वर्तमान में इस तेंदुए का शव प्रदेश वन विभाग के वाइल्ड लाइफ विंग ने शिमला में संरक्षित कर रखा हुआ है। 

मुंबई से शिमला आएंगे एक्सपर्ट 
शीघ्र ही मुंबई से एक्सपर्ट शिमला आएंगे जो इस तेंदुए की खाल को निकाल कर उसमें भूसा इत्यादि भरकर इसे म्यूजियम की शोभा बनने के लिए तैयार करेंगे। संभावना है कि इस तेंदुए की खाल में भूसा इत्यादि भरकर इसे कुफरी स्थित वन विभाग के म्यूजियम में रखा जाएगा। कुफरी के इस म्यूजियम में पहले से ही एक तेंदुआ, हिरण व कई दुर्लभ प्रजातियों के पक्षियों को इसी प्रकार संरक्षित रखा गया है।

70 किलो 850 ग्राम वजनी था तेंदुआ
बता दें कि पट्टा गांव में मारे गए इस तेंदुए के शव के चैकअप के दौरान इसकी उम्र 7 वर्ष आंकी गई थी। इस तेंदुए का वजन 70 किलो 850 ग्राम था व नाक से लेकर पूंछ तक इस तेंदुए की लंबाई 8 फुट 7 इंच व ऊंचाई 34 इंच से अधिक पाई गई थी। वाइल्ड लाइफ  शिमला के डी.एफ.ओ. सतीश गुप्ता ने बताया कि भीमकाय नरभक्षी तेंदुए के शव को संरक्षित कर शिमला में ही रखा गया है।