अवैध शराब विक्रेताओं पर कसेगा कानूनी शिकंजा : विक्रम ठाकुर

punjabkesari.in Friday, Jan 28, 2022 - 11:20 AM (IST)

डाडासीबा (सुनील) : हिमाचल प्रदेश के उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर ने कहा है कि अवैध शराब विक्रेताओं पर कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने अवैध धंधे में संलिप्त कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। विक्रम ठाकुर ने गुरुवार को सदवां में भरोली जदीद, कटोह टिक्कर, कौलापुर, कलोहा, रक्कड़, चौली, कूहना, गुडारा चपलाह, बणी, सरड डोगरी व कूडना ग्राम पंचायतों के 22 महिला मंडलों के पदाधिकारियों को 8 लाख रुपए का उपयोगी सामान वितरित करने के उपरांत कहा कि प्रदेश सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए विभिन्न प्रकार की कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। प्रदेश में हिमाचल गृहणी सुविधा योजना के तहत 3.23 लाख परिवार लाभान्वित हुए हैं।

इस कार्य पर सरकार द्वारा 119.90 करोड़ रुपए व्यय किए गए हैं। जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 5000 महिलाओं को निशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की महिलाएं स्वयं सहायता समूहों का गठन कर सरकार की योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकती हैं। महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान के साथ उन्हें सशक्त करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। जयराम सरकार ने 65 वर्ष से ऊपर की सभी महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा पेंशन देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए निधा्ररित सालाना आय को 35000 रूपए से बढ़ाकर 50000 रूपए कर दिया है। महिलाओं के लिए ग्रामीण आजीविका मिशन, सशक्त महिला, बेटी है अनमोल योजना, पोषण अभियान, प्रधानमंत्री मातृ बंदना योजना तथा जननी सुरक्षा योजना सहित अनेक योजनाओं के माध्यम से सरकार मातृ शक्ति को संबल प्रदान करने का कार्य कर रही है। कार्यक्रम उपरांत उद्योग मंत्री ने जनसमस्याएं भी सुनी तथा अधिकांश का निपटारा मौके पर ही किया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

prashant sharma

Recommended News

Related News