नौकरी छोड़ने वाले डॉक्टर पहले जरूर पढ़ें यह खबर

Wednesday, Jan 18, 2017 - 02:42 PM (IST)

शिमला: स्वास्थ्य विभाग ने नौकरी छोड़ने वाले डॉक्टरों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसके तहत नौकरी छोड़ चुके डॉक्टरों से मनी बांड रिकवरी करने का निर्णय लिया है, साथ ही डॉक्टरों को कम से कम 20 साल राज्य में सेवाएं देनी होंगी। जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग ऐसे डॉक्टरों की सूची तैयार कर रहा है जो राज्य से नौकरी छोड़कर गए हैं। इस सूची के तैयार होने के बाद संबंधित डॉक्टरों को पहले नोटिस जारी किए जाएंगे, जिसमें मनी बांड जमा करवाने को कहा जाएगा। ऐसे में यदि संबंधित डॉक्टर तय समयावधि के भीतर राशि को जमा नहीं करवाते हैं तो उनकी प्रॉपर्टी को अटैच कर दिया जाएगा। राज्य में इस समय डॉक्टरों के करीब 550 पद खाली पड़े हुए हैं। इसके चलते स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों की कमी चल रही है। डॉक्टरों की कमी का एक कारण यह भी है कि वे दूसरे राज्यों में नौकरी छोड़कर जा रहे हैं।


बांड की राशि बढ़ेगी
स्वास्थ्य विभाग मंत्रिमंडल बैठक में शीघ्र एक प्रस्ताव लाएगा। इसमें एम.बी.बी.एस. और विशेषज्ञ डॉक्टरों को नौकरी ज्वाइन करते समय भरे जाने वाले बांड की राशि को 50 लाख रुपए से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपए किया जाएगा। ऐसे में एम.बी.बी.एस. डॉक्टरों को 10 लाख रुपए से 50 लाख रुपए की बैंक गारंटी देनी होगी। यह बैंक गारंटी इसलिए बढ़ाई जा रही है ताकि डॉक्टर कम से कम 20 साल तक हिमाचल सरकार को सेवाएं दें। मौजूदा समय में एम.बी.बी.एस. डॉक्टर को 5 और विशेषज्ञ डॉक्टर को 10 लाख रुपए का बांड भरना पड़ता है।