Bilaspur: उपचुनाव हारे नेताओं ने भविष्य की चिंता को लेकर नड्डा के दरबार में लगाई हाजिरी

punjabkesari.in Friday, Mar 07, 2025 - 06:50 PM (IST)

बिलासपुर (बंशीधर): भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा बिलासपुर के अपने 2 दिवसीय दौरे के बाद वापस दिल्ली लौट गए। इस दौरान प्रदेश के कई भाजपा नेताओं व पूर्व विधायकाें ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात की। हालांकि इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल 2 दिन साथ रहे। जानकारी के अनुसार इन 2 दिनाें के अंदर गत उपचुनावों में भाजपा का झंडा थामकर चुनाव लड़ने वाले नेताओं ने नड्डा से उनके आवास पर मुलाकात की। संबंधित नेताओं को अब अपने भविष्य की चिंता सता रही है।

इस चिंता से पार पाने के लिए संबंधित नेता नड्डा के दरबार में पहुंचे थे। हालांकि इस दौरान क्या चर्चा हुई, इसका पता नहीं लग पाया है लेकिन इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक हलके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। जगत प्रकाश नड्डा के पास शुक्रवार को कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होकर उपचुनाव लड़ने वाले कुटलैहड़ के पूर्व विधायक देवेंद्र भुट्टो, गगरेट के पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा मिलने पहुंचे थे। इसके अलावा 2022 चुनावों में कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए लखविंदर राणा को भी हार का मुंह देखना पड़ा था। इसके अतिरिक्त नूरपुर के पूर्व विधायक राकेश पठानिया, भरमौर के पूर्व विधायक जिया लाल ठाकुर सहित नाचन विधायक विनोद कुमार, हमीरपुर विधायक आशीष शर्मा ने भी नड्डा आवास विजयपुर में जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात की। वहीं गत दिवस सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा और देहरा से पूर्व विधायक होशियार सिंह ठाकुर ने भी नड्डा से मुलाकात की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News