वीरभद्र सिंह के Birthday पर कल होलीलॉज में जुटेंगे नेता

Friday, Jun 22, 2018 - 10:47 PM (IST)

शिमला (राक्टा): पूर्व मुख्यमंंत्री वीरभद्र सिंह 23 जून को अपना 85वां जन्मदिन मनाएंगे। वीरभद्र सिंह निजी आवास होलीलॉज में परिवार और समर्थकों के साथ बर्थ-डे मनाएंगे। इस दौरान होलीलॉज में कई कांग्रेस नेताओं हाजिरी भरेंगे और वीरभद्र सिंह को जन्मदिन की बधाई देंगे। पूर्व मुख्यमंत्री के जन्मदिन को लेकर उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह की तरफ से पार्टी के प्रमुख नेताओं को निमंत्रण भेजे गए हैं। माना जा रहा है कि लोकसभा चुनावों में उनकी क्या भूमिका रहेगी, इस संदर्भ में भी वीरभद्र सिंह शनिवार को नया ऐलान कर सकते हैं।


राजा तां फकीर है किताब का होगा विमोचन
कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्रिहोत्री, पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा, शिमला ग्रामीण व अर्की विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं सहित शिमला शहर के कांग्रेस पदाधिकारी होलीलॉज में केक काटेंगे। इसके साथ ही रिज पर रक्तदान शिविर और आई.जी.एम.सी. में भंडारे का भी आयोजन किया जाना है। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर लिखी गई किताब राजा तां फकीर है, का भी वीरभद्र सिंह विमोचन करेंगे। यह किताब पूर्व डिप्टी एडवोकेट जनरल विनय शर्मा ने लिखी है। विनय शर्मा ने बताया कि यह किताब मुफ्त में बांटी जाएगी।


वीरभद्र सिंह भी लिख रहे किताब
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह भी अपनी आत्मकथा लिख रहे हैं। हालांकि उनकी आत्मकथा से जुड़ी किताब कब आएगी, इसको लेकर संशय बना हुआ है क्योंकि वह इस पर टिप्पणी करने से बचते रहे हैं। वीरभद्र यह भी कह चुके हैं कि जब भी यह किताब प्रकाशित होगी तो कई चेहरे बेनकाब होंगे।

Vijay