5 राज्यों में चुनाव ड्यूटी पर जाएंगे नेता-अधिकारी

Friday, Oct 19, 2018 - 10:58 PM (IST)

शिमला: केंद्रीय चुनाव आयोग की तरफ से 5 राज्यों में चुनाव की घोषणा के साथ चुनावी ड्यूटी का दौर शुरू होने वाला है। इसके तहत भाजपा व कांग्रेस के बड़े नेता के साथ कार्यकत्र्ता भी मोर्चा संभालेंगे। चुनाव ड्यूटी पर जाने वाले अधिकारियों को चुनाव आयोग के निर्देशानुसार भारमुक्त किए जाने के बाद उनके पद का दायित्व अन्य अधिकारी संभालेंगे। इन चुनावों में निगम-बोर्ड के अध्यक्ष-उपाध्यक्षों की ड्यूटी भी लग सकती है।

6 अक्तूबर को की गई थी विधानसभा चुनावों की घोषणा
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय चुनाव आयोग ने गत 6 अक्तूबर को 5 राज्यों में विधानसभा चुनावों की घोषणा की गई थी। इसके तहत छत्तीसगढ़ में 2 चरणों में 12 और 20 नवम्बर को चुनाव होंगे। इसी तरह मध्यप्रदेश व मिजोरम में 28 नवम्बर को तथा राजस्थान और तेलंगाना में 7 दिसम्बर को चुनाव होंगे। इस स्थिति में प्रदेश में सत्तारुढ़ भाजपा की तरफ से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के अलावा केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल व शांता कुमार सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता चुनाव प्रचार के लिए जा सकते हैं।

कांग्रेस की तरफ से जाएंगे ये नेता
प्रदेश में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस की तरफ से पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, विपक्ष के नेता मुकेश अग्रिहोत्री तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित अन्य नेता व पार्टी कार्यकत्र्ता प्रचार के लिए जा सकते हैं। इसी तरह चुनाव आयोग के निर्देशानुसार अधिकारी भी चुनाव ड्यूटी पर जाने वाले हैं। इन अधिकारियों के चुनाव ड्यूटी पर जाने की स्थिति में उनके पद का दायित्व अन्य अधिकारियों को सौंपा जाएगा। अधिकारी बतौर ऑब्जर्वर अपनी सेवाएं देने के साथ चुनाव आयोग के निर्देशानुसार अन्य दायित्व संभालेंगे।

विधानसभा चुनाव के बाद लोकसभा चुनाव की तैयारी
5 राज्यों में विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो जाएंगी। इसके बाद चुनाव ड्यूटी पर गए नेता प्रदेश में सक्रिय हो जाएंगे ताकि अपने दल के प्रत्याशी की जीत को सुनिश्चित किया जा सके। लोकसभा चुनाव घोषणा से पहले प्रदेश सरकार आगामी वार्षिक योजना के साथ बजट की तैयारियों में जुट गई है ताकि आदर्श चुनाव आचार संहिता से पहले इस प्रक्रिया को पूरा किया जा सके।

Vijay