लक्ष्मण अवतार बालूनाग कुल्लू पहुंचने से पहले ही नजरबंद, जानिए क्यों

Thursday, Oct 18, 2018 - 11:22 PM (IST)

कुल्लू: अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव शुक्रवार से आंरभ हो रहा है मगर धुर विवाद से जुड़े देवता बालूनाग और ऋष्य श्रंृग को कुल्लू पहुंचने से पहले ही नजरबंद कर दिया गया है। दोनों देवताओं को भुंतर से ही पुलिस के पहरे में ढालपुर की ओर लाया जा रहा है। बालूनाग वीरवार को पिरड़ी में रुके और ऋष्य श्रृंग गांधी नगर में ठहरे हुए हैं। इनके ठहरने के स्थानों पर भी पुलिस का पहरा बैठाया गया है। दोनों देवता लाव-लश्कर के साथ शुक्रवार को ढालपुर की ओर बढ़ेंगे। ढालपुर में इन दोनों देवताओं के अस्थायी शिविर भी पुलिस के कड़े पहरे में रहेंगे।

देवताओं के साथ चलते रहे हथियारों से लैस जवान
वीरवार को जैसे ही दोनों देवताओं के भुंतर क्षेत्र में पहुंचने की सूचना मिली तो वहीं से इन देवताओं के साथ सुरक्षा की दृष्टि से हथियारों से लैस जवान चलते रहे। अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में ये दोनों देवता जब भी अपने अस्थायी शिविरों से किसी अन्य देवता के शिविर या अधिष्ठाता रघुनाथ जी से मिलने जाएंगे तो भी इनके साथ पुलिस दल रहेगा। दोनों देवताओं को रघुनाथ जी की रथ यात्रा में हिस्सा नहीं लेने दिया जाता। धुर विवाद के चलते ही दोनों देवताओं को रथ यात्रा से दूर पहरे में रखा जाता है।

एक दशक से अधिक समय से चल रहा धुर विवाद
गौरतलब है कि धुर विवाद पिछले करीब एक दशक से अधिक समय से चलता आ रहा है। रघुनाथ जी के रथ की धूरी में चलने को लेकर उत्पन्न हुआ यह विवाद अभी तक शांत नहीं हो पाया है। दोनों देवताओं को इसी वजह से रथ यात्रा में शामिल नहीं किया जा रहा है। हालांकि प्रशासन की ओर से भी दोनों देवताओं को निमंत्रण पत्र नहीं भेजे जाते लेकिन फिर भी दोनों देवता उत्सव में शिरकत कर रहे हैं। प्रशासन अन्य देवताओं की भांति दोनों देवताओं का भी भव्य स्वागत करता है और इनके अस्थायी शिविरों में भी अन्य की भांति सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही हैं।

Vijay