कुल्लू पहुंचा स्वर्गीय अटल जी का अस्थि कलश, ब्यास नदी में होगा विसर्जन (Video)

Saturday, Aug 25, 2018 - 09:18 PM (IST)

कुल्लू: शनिवार को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का अस्थि कलश लेकर वन, परिवहन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर कुल्लू पहुंचे। बजौरा-भुंतर होते हुए कुल्लू तक अटल जी के अस्थि कलश पर कई लोगों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। ढालपुर में भी काफी देर तक अस्थि कलश लाने वाले वाहन को रोका गया और भाजपा कार्यकर्ताओं सहित कई लोगों ने इस दौरान श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस मौके पर बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी, भाजपा के जिलाध्यक्ष भीमसेन शर्मा, कुल्लू जिला प्रभारी अजय राणा, पूर्व विधायक महेश्वर सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अमित सूद, मीडिया प्रभारी खुशहाल राठौर, कुल्लू मंडलाध्यक्ष विजेंद्र सेन, महामंत्री अमर ठाकुर, जगदीश ठाकुर व खीमी राम केवलू सहित अन्य मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर करेंगे विसर्जन
वाजपेयी की अस्थियां रविवार को मनाली में ब्यास नदी में विसर्जित की जाएंगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कंचनीकूट में अस्थियों का पवित्र ब्यास में विसर्जन करेंगे। इस मौके पर कई लोग कंचनीकूट बिहाल में मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री शनिवार शाम को मनाली पहुंचे। मनाली में हालांकि मुख्यमंत्री बिना किसी शोर-शराबे और स्वागत आदि के ही आगे बढ़े। रविवार को सुबह अस्थि कलश को अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण संस्थान से कंचनीकूट बिहाल लाया जाएगा और उसके बाद ब्यास में विसर्जित किया जाएगा। बता दें कि अटल बिहारी वाजपेयी अपने दूसरे घर प्रीणी आते रहते थे। मनाली में अपना दूसरा घर होने के चलते अटल बिहारी वाजपेयी ने कई बार प्रधानमंत्री रहते हुए भी यहां का रुख किया था। अटल बिहारी वाजपेयी को मनाली के प्रीणी गांव के लोगों ने मुखिया का दर्जा दिया हुआ है।

Vijay