बारिश के बाद भूस्खलन, लेह-मनाली मार्ग हुआ बंद

punjabkesari.in Friday, Jul 02, 2021 - 03:19 PM (IST)

केलांग : हिमाचल प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। चंबा सहित कई क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश हुई है। बारिश के मध्य ही खबर आ रही है कि मनाली-लेह मार्ग पर भूस्खलन के चलते इस मार्ग को बंद कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि इस मार्ग पर वीरवार रात को भूस्खलन हुआ था, उसके बाद वहां सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात कर दिया गया था और वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई थी। आवाजाही बंद होने के बाद मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। 

भूस्खलन की सूचना मिलते ही लाहौल-स्पीति प्रशासन की ओर से मशीनरी मौके की ओर रवाना कर दी गई है, जो सड़क से मलबा हटाने का काम कर रही है। भूस्खलन होने के चलते मनाली में सड़क पर भी दर्जनों वाहन फंसे हुए हैं। लाहौल स्पीति पुलिस का कहना है कि प्रशासन रास्ता साफ करने का काम कर रहा है। दोपहर 3 बजे तक सभी वाहनों को दारचा और सरचू में रोका जा रहा है। इस दौरान किसी भी तरह की जानकारी लेने के लिए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के नंबर 9459461355 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा, लाहौल पुलिस के 8988098067 और 8988098068 नंबरों पर भी संपर्क किया जा सकता है। गौरतलब है कि हिमाचल में सात जुलाई तक भारी का अनुमान जताया गया है, वहीं येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

prashant sharma

Recommended News

Related News