सिरमौर के इस गांव पर मंडराया भू-स्खलन का खतरा, लोग खौफ के साये में जीने काे मजबूर

Sunday, Feb 09, 2020 - 01:41 PM (IST)

नाहन (सतीश): सिरमौर जिला के अंतर्गत रेणुका विधानसभा के हरिपुरधार क्षेत्र की ग्राम पंचायत भलाड भलोना के भलोना गांव पर भू-स्खलन का खतरा मंडराया हुआ है। भू-स्खलन कभी भी यहां बड़ी तबाही मचा सकता है। दरअसल गत वर्ष की बरसात के दौरान एक भू-स्खलन हुआ था मगर हाल में हुई बर्फबारी और बारिश के कारण यहां फिर से भू-स्खलन होने लगा है, जिससे लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि पिछले दिनों यहां भू-स्खलन के कारण निकले बड़े-बड़े पत्थर गांव में पहुंच गए थे, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। लोगों का कहना है कि जब भी बरसात होती है तो गांव के लोगों को भू-स्खलन का डर सताने लगता है।|

भलोना गांव में करीब 150 से 200 लोगों की आबादी है। लोगों का कहना है कि यहां पहाड़ी में लगातार दरारें बढ़ रही हैं और खतरा बढ़ता जा रहा है। लोगों ने प्रशासन सेेेे गुहार लगाई है कि बरसात से पहले इस समस्या का समाधान किया जाए। अब देखना यह होगा कि प्रशासन यहां क्या कदम उठाता है। अगर समय रहते प्रशासन द्वारा यहां किसी तरह का कोई कदम न उठाया गया तो यहां कभी भी बड़ा हादसा पेश आ सकता है।

Vijay