पक्काटाला-बालू मार्ग पर दरकी पहाड़ी, खतरे की जद्द में आए कई मकान

Wednesday, Nov 04, 2020 - 06:15 PM (IST)

चम्बा (काकू): पक्काटाला-बालू मार्ग पर पहाड़ी दरकने से कुछ मकान खतरे की जद्द में आ गए हैं। भू-स्खलन के कारण घरों के आगे डंगा ढह गया है, वहीं कुछ मकानों की दीवारों में दरारें आ गई हैं। इससे मकानों के गिरने का खतरा पैदा हो गया है। बुधवार को स्थानीय निवासी समस्या को लेकर डीसी दुनी चंद राणा से मिले। इस मौके पर उन्होंने डीसी को समस्या से अवगत करवाया। स्थानीय निवासी गुड्डी, काजल, शालिनी, राजेश व सुराज दीन आदि ने बताया कि 2 नवम्बर को पक्काटाला में अचानक पहाड़ी दरक गई। इससे काफी मलबा सड़क पर आ गया। अब भी यहां से मलबा गिर रहा है। इससे उनके मकानों को खतरा हो गया है। उन्होंने कहा कि जल्द भू-स्खलन को नहीं रोका गया तो उनके मकान ढह जाएंगे। इससे वह बेघर हो जाएंगे।

उन्होंने डीसी से मांग की है कि भू-स्खलन को रोकने के लिए यहां डंगा लगाया जाए, वहीं यह संपर्क मार्ग तीसरे दिन भी यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाया है। इससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बीते सोमवार को पहाड़ी दरकने से चट्टानें तथा मलबा सड़क पर आ गया। इससे मार्ग यातायात के लिए अवरुद्ध हो गया। मार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही नगर परिषद के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और मार्ग को बहाल करने में जुट गए। देर शाम तक इस सड़क को पैदल आवाजाही के लिए बहाल कर दिया था, लेकिन रात को फिर से पहाड़ी से भू-स्खलन होने के कारण काफी मात्रा में मलबा आ गया। इस कारण यह मार्ग फिर से यातायात के लिए बंद हो गया है। पहाड़ी से इतना मलबा आ गया है, जिसे हटाने में 2 से ज्यादा दिन का समय लग सकता है।

एसडीएम चम्बा शिवम प्रताप सिंह ने बताया कि मौके का निरीक्षण किया है। जिस मकान के आगे डंगा गिरा है वहां प्रोटैक्शन वॉल लगाने का काम शुरू कर दिया है, वहीं सड़क से मलबा हटाने का काम भी जारी है। जल्द सड़क को बहाल कर दिया जाएगा। भू-स्खलन को रोकने के लिए प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। जल्द इस समस्या का स्थायी समाधान कर दिया जाएगा।

Vijay