खड़ामुख-होली मार्ग पर भू-स्खलन, 4 घंटे बंद रहा यातायात

Thursday, Feb 18, 2021 - 10:37 PM (IST)

भरमौर (उत्तम): खड़ामुख-होली मार्ग झिरडू मोड़ के समीप भू-स्खलन के कारण लगभग 4 घंटे तक अवरुद्ध रहा। पिछले कुछ दिनों से इस स्थान पर मार्ग को चौड़ा करने का कार्य कर रहे ठेकेदार द्वारा ब्लास्टिंग करने के बाद हुए भू-स्खलन के बाद अक्सर ऐसी स्थिति पैदा हो रही है। इसके कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। मार्ग के दोनों ओर फंसे सैंकड़ों लोग इंतजार करते रहे। विभाग के एसडीओ जय चंद ठाकुर के निरंतर मौके पर तैनात रहने के बाद शाम 3 बजे छोटे वाहनों के लिए व 5 बजे बड़े वाहनों के लिए इस मार्ग को बहाल किया गया। इसके लिए मौके पर दोनों तरफ से मशीनरी लगाने पर इस भारी-भरकम मलबे को हटाया जा सका।

4 घंटों के बाद सड़क पर गिरे मलबे को मशीन द्वारा हटा दिए जाने के बाद मार्ग को बहाल कर दिया गया। मलबा इतना अधिक था कि इस स्थान पर छोटे वाहन व बसें निकलना तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था। लोगों ने विभाग से मांग की है कि ठेकेदार को छोटे-छोटे ब्लास्ट करने के आदेश जारी किए जाएं ताकि ब्लास्टिंग के बाद मलबे को भी जल्दी हटाया जा सके ताकि लोगों को लंबे समय तक मार्ग खुलने का इंतजार न करना पड़े। जय चंद ठाकुर ने बताया कि मार्ग को चौड़ा करने के लिए छोटा ही ब्लास्ट किया था लेकिन ऊपर से अधिक मलबा गिर गया। इसके कारण मार्ग पर भारी भू-स्खलन के कारण मलबा आ गिरा। इसे दोनों ओर से मशीनरी लगाकर खोल दिया गया है।

Content Writer

Vijay