हड़सर-मणिमहेश मार्ग पर भू-स्खलन, मणिमहेश यात्री की मलबे में दबने से मौत

Tuesday, Aug 07, 2018 - 07:48 PM (IST)

भरमौर: भरमौर जनजातीय उपमंडल में हुई भारी वर्षा के कारण हड़सर-मणिमहेश मार्ग पर दोनाली के समीप हुए भू-स्खलन की चपेट में आने से एक मणिमहेश यात्री की मलबे में दब जाने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार हड़सर गांव के कुछ युवाओं ने बताया कि वे जब मणिमहेश से वापस हड़सर आ रहे थे तो दोनाली नामक स्थान पर ऊपर से हुए भू-स्खलन तथा बड़े-बड़े पत्थरों की चपेट में आकर एक व्यक्ति मलबे के नीचे दब गया। उन्होंने उसे ढूंढने का प्रयास किया लेकिन असमर्थ रहने पर इसकी सूचना हड़सर पंचायत प्रधान को दी। पंचायत प्रधान अंजू देवी ने इसकी सूचना ए.डी.एम. भरमौर तथा पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार भरमौर, पुलिस तथा पर्वतारोहण संस्थान के बचाव दलों की एक टीम घटनास्थल की ओर गई तथा मलबे में दबे युवक के शव को ढूंढ लिया।

दुकान स्थापित करने जा रहा था युवक
कार्यवाहक ए.डी.एम. भरमौर पी.पी. सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक की शिनाख्त 25 वर्षीय संजय कुमार पुत्र चतरो राम निवासी ग्राम पंचायत चोबिया के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि संजय आगामी दिनों में शुरू हो रही मणिमहेश यात्रा के दौरान हड़सर-मणिमहेश डल झील के बीच कहीं दुकान स्थापित करने जा रहा था कि दोनाली के समीप हादसे का शिकार हो गया।

मृतक के परिजनों को दी राहत राशि
उन्होंने बताया कि सभी औपचारिकताओं के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के परिजनों को 10,000 रुपए की तुरंत राहत राशि प्रशासन की ओर से दी गई है। उन्होंने कहा कि जब तक मौसम ठीक नहीं हो जाता, तब तक हड़सर से मणिमहेश की तरफ जाने वाले यात्रियों को हड़सर में रोकने के आदेश जारी किए गए हैं।

Vijay