चम्बा-पठानकोट NH पर दरकी पहाड़ी, 5 घंटे बाद बहाल किया यातायात

Saturday, Mar 28, 2020 - 05:44 PM (IST)

तुनुहट्टी (ब्यूरो): चम्बा जिला में 2 दिन से हो रही बारिश के कारण चम्बा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर केरू के पास पहाड़ी दरक गई। इससे मलबा व पत्थर सड़क पर आने से इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह से अवरूद्ध हो गया। करीब 5 घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद मार्ग को यातायात के लिए बहाल किया गया। शनिवार को सुबह करीब 3 बजे केरू के निकट भू-स्खलन हो गया। इसकी सूचना एनएच प्राधिकरण को दी गई। सूचना मिलते ही प्राधिकरण की जेसीबी व लेबर मौके पर पहुंची और सड़क पर गिरे मलबे व पत्थरों को हटाकर इस मार्ग को लगभग 8 बजे जरूरी जाने वाले वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया।

कफ्र्यू के चलते वाहनों की ज्यादा तादाद न होने के कारण वाहनों की लंबी कतार देखने को नहीं मिली लेकिन अमृतसर से दूध, दहीं, ब्रैड और घरेलू गैस की सप्लाई लेकर चम्बा जा रहे ट्रक यहां फंसे रहे। ये ट्रक केरू के पास सुबह 4 बजे पहुंच गए थे लेकिन मार्ग पर मलबा आ जाने के कारण सुबह 8 बजे तक मार्ग बहाल होने का इंतजार करना पड़ा।  चालकों का कहना है कि छोटे वाहन चालक जान जोखिम में डालकर अपने वाहनों को यहां से निकाल रहे थे लेकिन लोड हुए बड़े वाहनों को इस प्रकार से निकालना  खतरे से कम नहीं था इसलिए मार्ग खुलने तक इंतजार करना पड़ा।

बारिश होने पर पर केरू पहाड़ पर सड़क बन्द हो जाना और जगह-जगह पहाड़ से भारी पत्थरों का सड़क पर गिरना आम बात है लेकिन एनएच ने इस जगह के लिए एक जेसीबी को तुनुहट्टी में रखा हुआ है और केरू पहाड़ में रास्ता बंद होने की सूचना मिलने पर कई बार एनएच विभाग ने गंभीरता दिखाते हुए इस मार्ग को बहाल भी किया है। एनएच प्राधिकरण के कनिष्ठ अभियंता कनुप्रिया ने बताया कि जैसे ही मार्ग बंद होने की सूचना मिली लेबर व जेसीबी मौके पर भेज दी और मार्ग को बहाल कर दिया है।

Vijay