रोहतांग दर्रे पर Landslide ने 8 घंटे रोकी सैंकड़ों वाहनों की रफ्तार, सैलानी हुए परेशान

Sunday, Aug 25, 2019 - 06:38 PM (IST)

मनाली (सोनू): रोहतांग दर्रे के समीप दरक रही पहाड़ी ने एक बार फिर मनाली-लेह मार्ग पर गाडिय़ों की आवाजाही रोक दी है। शनिवार देर रात को रोहतांग दर्रे के समीप भू-स्खलन होने से करीब 8 घंटे तक यातायात व्यवस्था ठप्प रही जो रविवार दोपहर को बहाल हो पाई। रोहतांग दर्रे के समीप बार-बार टूट रही पहाड़ी ने जहां राहगीरों को डरा दिया है, वहीं बीआरओ की दिक्कतें भी बढ़ गई हैं। शनिवार रात को भी रोहतांग दर्रे के समीप पहाड़ी से चट्टानों के सड़क पर गिरने से सैंकड़ों सैलानियों के वाहन यहां करीब 8 घंटे तक फंसे रहे, वहीं लाहौल-स्पीति के किसानों की फसलों से भरी गाडिय़ां भी दर्रे पर फंसी रहीं। रोहतांग दर्रे के समीप पहाड़ी के टूटने से सड़क पर गिरे मलबे को हटाने में जहां बीआरओ के जवानों को खासी मशक्कत करनी पड़ी, वहीं उक्त सड़क पर फंसे सैलानियों को भी इस दौरान खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

बीते सप्ताह भी 3 दिनों तक फंसे रहे थे सैंकड़ों सैलानी

बता दें कि बीते सप्ताह भी 3 दिनों तक सैंकड़ों सैलानी रोहतांग दर्रे पर फंसे थे, ऐसे में घाटी में लगातार पहाडिय़ों से हो रहे भू-स्खलन ने अब मनाली-लेह सड़क पर सफर करने वाले सैलानियों को डराना शुरू कर दिया है। यहां लगातार टूट रही पहाड़ी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सैलानियों से अपील की है कि मौसम को ध्यान में रखकर ही मनाली-लेह सड़क पर सफर करें। लाहौल की तरफ  भी हालात काफी खराब बने हुए हैं। घाटी में बहने वाले नाले जहां उफान पर हैं, वहीं केलांग से कोकसर तक की सड़क पर विभिन्न जगहों पर भू-स्खलन का दौर जारी है।

क्या कहते हैं बीआरओ के अधिकारी

बीआरओ के अधिकारियों का कहना है कि रोहतांग दर्रे के समीप पहाड़ी से लगातार भू-स्खलन हो रहा है, जिस कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। बीआरओ ने अपने जवानों को मशीनों संग जहां दर्रे के विभिन्न स्थलों पर तैनात कर रखा है, वहीं पहाड़ी से गिर रहीं बड़ी-बड़ी चट्टानों के मलबे को हटाने में समय लग रहा है। बीआरओ के कमांडर उमा शंकर का कहना है कि रोहतांग दर्रे के समीप पहाड़ी से चट्टानें गिरने का दौर अभी भी जारी है। उन्होंने कहा कि बीआरओ के जवान लगातार सड़क पर गिर रहे मलबे को हटाने में जुटे हुए हैं। बहरहाल मनाली-लेह मार्ग पर इस बार खराब मौसम ने सैलानियों को परेशान कर रखा है।

सुबह 7 के बाद व शाम 7 बजे से पहले करें रोहतांग पार

एसडीएम मनाली अमित गुलेरिया ने बताया कि बरसात के चलते सभी दर्रों में धुंध छा गई है। सुबह-शाम और रात को धुंध अधिक होने से सफर और भी जोखिम भरा हो गया है। उन्होंने सैलानियों को सुबह 7 बजे के बाद व शाम 7 बजे से पहले रोहतांग दर्रा पार करने की सलाह दी है। उन्होंने सैलानियों से आग्रह किया है कि पहाड़ों में बरसात को देखते हुए सफर संभल कर करें। चंद्रताल समेत लाहौल-स्पीति व लेह-लद्दाख जाने वाले सैलानी मौसम के हालात को देखकर ही मनाली से आगे का रुख करें।

Vijay