भारी बारिश के चलते भरमौर-पांगी में भू-स्खलन, बसें फंसीं

Wednesday, Aug 08, 2018 - 03:42 PM (IST)

चम्बा: बरसात के इस मौसम ने फिर से अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। लोक निर्माण विभाग जिला चम्बा की मानें तो बीते 2 दिनों के दौरान उसे 8 करोड़ 63 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। पांगी प्रशासन के अनुसार पांगी में 2 जगह सोमवार रात को तेज बारिश के कारण भू-स्खलन हुआ, जिसके चलते मार्ग अवरुद्ध होने से सरकारी बसें फंस गईं। इस बारे में सूचना मिलने पर लो.नि.वि. की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क को यातायात के लिए बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया है। ग्राम पंचायत कुमार के परमार में भू-स्खलन से सरकारी बस फंसी और सुराल में अंच नामक नाले में बाढ़ आने से यातायात ठप्प पड़ गया है।

जिला चम्बा की बात करें तो पूरे जिला में बीते 24 घंटों के दौरान 59 सड़कें बंद पड़ी थीं जिन्हें मंगलवार की शाम तक लगभग खोल दिया गया। लो.नि.वि. मंडल चम्बा के अधिशासी अभियंता जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की मशीनें व लेबर दिनभर बंद सड़कों को खोलने में लगी रही जिस वजह से बंद सड़कों को फिर से खोल दिया गया। बारिश के कारण लो.नि.वि. मंडल चम्बा को 1 करोड़ 55 लाख, तीसा मंडल को 1 करोड़ 50 लाख व भरमौर लो.नि.वि. मंडल को 1 करोड़ 48 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है।

भरमौर मंडल का चौभिया मार्ग बंद होने से परिवहन निगम की एक बस भी बीच राह में फंसी हुई है। भारी बारिश के चलते लो.नि.वि. मंडल डल्हौजी के 29, चम्बा मंडल के 15, तीसा मंडल के 7 संपर्क मार्गों और भरमौर के 8 मार्गों पर वाहनों के पहिए दिनभर थमे रहे। बारिश के कारण डल्हौजी-रूलियाणी मार्ग पर हुए भू-स्खलन से 50 मीटर सड़क के हिस्से का नामोनिशान मिट गया है। चुवाड़ी-जोत मार्ग पर भी बारिश से डंगा दरक गया है। डल्हौजी उपमंडल के लाहडू-तुनुहट्टी मार्ग पर लोक निर्माण विभाग को सबसे अधिक नुक्सान हुआ है। डल्हौजी मंडल के 9 संपर्क मार्ग अभी भी बंद हैं। सोमवार दोपहर बाद मंगली-बौंदेड़ी मार्ग को छोड़कर अन्य मार्ग खोल दिए गए हैं।

Vijay