बारिश के बाद अब भूस्खलन का कहर जारी, चंबा के इस गांव के 4 घर खतरे में (PICS)

Thursday, Sep 27, 2018 - 04:46 PM (IST)

चंबा (मोहम्मद आशिक): बारिश थमने के बाद अब भूस्खलन ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। चंबा जिला के कोाल पंचायत के कैंथली गांव में घर के आगे की दीवार भूस्खलन से 20 मीटर टूट गई जिसके चलते घरों में दरारें पड़ गई। भूस्खलन से चार घरों को खतरा पैदा हो गया है। आपको बता दें कि चार दिन पहले भारी बारिश के चलते कई जगह भूस्खलन की घटनाएं सामने आई थी लेकिन अब साफ मौसम ने तांडव मचाना शुरू कर दिया है। जैसे-जैसे मौसम साफ हो रहा है, वैसे-वैसे भूस्खलन का सिलिसला जारी है।

पिछले कल भी कई इलाकों में भूस्खलन से कई घरों की दीवारें टूट गई थी जिससे लोग परेशान हो गए थे। बदस्तूर आज भी भूस्खलन का सिलसिला जारी हो गया। सुबह करीब सात बजे कोहाल कैंथली गांव में भूस्खलन से जहां घर के आगे की दीवार टूट गई वहीं दूसरी तरफ इसके टूटने से चार घर भी खतरे की चपेट में आ गए हैं। लोग सरकार से मदद की गुहार लगा रहे हैं।


चुराह के एसडीएम हेम चन्द वर्मा का कहना है कि गांव में भूस्खलन से दीवार टूटने की सूचना मिली है जिसके चलते कुछ घरों में दरारें पड़ गई हैं। इसके लिए सबंधित क्षेत्र के पटवारी को कह दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।

 

Ekta