मैक्लोडगंज में भागसूनाग Waterfall के पास Landslide, बच्ची की मौत, 7 घायल

Saturday, Jul 20, 2019 - 09:30 PM (IST)

धर्मशाला (जिनेश): पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज में कुदरत अपना कहर दिखाने लगी है। चंद रोज पहले जहां भागसूनाग वाटरफाल में काफी मात्रा में पानी आ गया था तो वहीं शनिवार को मूसलाधार बारिश के चलते वाटरफाल के पास ही लैंडस्लाइड हो गया। पहाड़ी से हुए लैंडस्लाइड की चपेट में आने से एक बच्ची की मौत हो गई जबकि 7 लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार ऊना की हरोली तहसील के गांव ईसपुर से 2 परिवारों के 8 सदस्य मैक्लोडगंज घूमने आए थे। गंभीर रूप से घायल 8 माह की बच्ची लवदीप की टांडा अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है।

बारिश से बचने के लिए लिया था पहाड़ी की ओट का सहारा

जानकारी के मुताबिक शनिवार शाम को भागसूनाग मंदिर से वाटरफाल को जाने वाले मार्ग पर एक रैस्टोरेंट के समीप भारी बारिश के चलते पहाड़ी दरकने से पत्थर नीचे गिरने लगे। इस दौरान वहां बारिश से बचने के लिए पहाड़ी की ओट में खड़े 2 पुरुष, 2 महिलाएं व 4 बच्चे पत्थरों की चपेट में आ गए। घटना के बाद घायलों की चीखोपुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत वहां पहुंचे और राहत कार्य शुरू कर दिया।

पर्यटकों को नहीं लग पाया लैंडस्लाइड का अंदाजा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक हुए लैंडस्लाइड का पर्यटकों को अंदाजा नहीं लग पाया, जिसके चलते पर्यटकों को अपने बचाव का कोई मौका नहीं मिला। वहीं घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस व जिला प्रशासन की टीम घायलों को जोनल अस्पताल धर्मशाला ले आई, जहां पर घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें टांडा रैफर कर दिया गया।

हादसे में ये हुए घायल

हादसे में घायल हुए पर्यटकों में जिला ऊना के ईसपुर निवासी जगपाल (30) व उनकी पत्नी ऊषा देवी(29), उनके 3 बच्चे बच्चे प्रीत (7), बंशिका (6), अरनव (3), अच्छर सिंह (29) व उनकी पत्नी सुनीता देवी (24) शामिल है। हादसे में अच्छर सिंह की 8 माह की बेटी लवदीप की मौत हो गई जबकि जगपाल की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पर्यटकों को सचेत करेगा प्रशासन

उधर, डी.सी. कांगड़ा राकेश प्रजापति ने बताया कि इस हादसे को देखते हुए जिला प्रशासन एक एडवाइजरी जारी कर रहा है, जिसमें पर्यटकों को पहाड़ी क्षेत्रों में सावधानी से चलने बारे कहा जाएगा। उन्होंने कहा कि लैंडस्लाइड की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन व पुलिस की टीम घटनास्थल पहुंच गई थी और घायलों को जोनल अस्पताल धर्मशाला में प्राथमिक उपचार देने के बाद टांडा अस्पताल ले जाया गया है।

Vijay