जब 11101 दीपकों की रोशनी से जगमगा उठा नयनादेवी मंदिर

Tuesday, Nov 26, 2019 - 07:35 PM (IST)

नयनादेवी (मुकेश): विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नयनादेवी में अयोध्या में राम मंदिर के ऐतिहासिक फैसले पर 11101 दीपक जलाकर मंदिर परिसर रोशनी से सराबोर कर दिया गया। हालांकि सुबह से ही तेज बरसात और तेज हवाओं के कारण दीपक जलाने में काफी परेशानी का सामना भी करना पड़ा लेकिन श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने हार नहीं मानी। उन्होंने मंदिर के मुख्य हाल परिसर में दीपकों को जलाने का कार्यक्रम शुरू किया और मिलकर दीप उत्सव मनाया। इस दीपोत्सव का मुख्य आकर्षण ओम की आकृति और भारत माता का नक्शा बनाना रहा। हर कोई इस पल को यादगार बनाने के लिए अपने कैमरे में कैद करना चाहता था।

स्थानीय लोगों व श्रद्धालुओं ने इस दीप उत्सव कार्यक्रम को जहां अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया, वहीं सोशल मीडिया पर भी इस कार्यक्रम शेयर किया गया। इस कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा भी दीपक जलाने के लिए पहुंचे। उन्होंने भी दीपक जलाकर इस कार्यक्रम में हाजिरी लगाई। स्थानीय पुजारी वर्ग ने भी इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया और राम मंदिर निर्माण के लिए एक-एक दीपक जलाकर अपनी खुशी व्यक्त की।

स्थानीय पुजारी वर्ग में पुजारी आनंद गोपाल, पुजारी चंडी शर्मा, पुजारी संदीप शर्मा, पुजारी अनुज शर्मा, अनिरुद्ध, पुजारी सोनू, पुजारी सुमित और हनी शर्मा ने दीपक जलाए। इस मौके पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि न्यायालय का जो फैसला आया है और राम मंदिर निर्माण के लिए लोगों के दिलों में जो खुशी है, उसे दीपक जलाकर व्यक्त किया जा रहा है।

Vijay