कांग्रेस के घर में नई Entry, समाजसेवी लक्ष्मेंद्र गुलेरिया ने थामा हाथ

Saturday, Nov 03, 2018 - 04:06 PM (IST)

मंडी (नीरज): 13 वर्षों तक समाजसेवा करने वाले लक्ष्मेंद्र गुलेरिया अब कांग्रेस पार्टी की सेवा करेंगे। गुलेरिया ने शनिवार को मंडी जिला मुख्यालय पर स्थित कांग्रेस कार्यालय में विधिवत रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक गुलेरिया सहित अन्य पदाधिकारियों ने लक्ष्मेंद्र गुलेरिया का हार पहनाकर पार्टी में स्वागत किया। बता दें कि लक्ष्मेंद्र गुलेरिया मंडी शहर के साथ लगते कैहनवाल गांव के रहने वाले हैं। इनके पिता स्व. प्रेम सिंह गुलेरिया सेना से बतौर ऑनरेरी कैप्टन रिटायर हुए थे और उन्हें उत्कृष्ट सेवाओं के चलते वीर चक्र से सम्मानित किया गया था।

जनता को महंगाई के बोझ तले दबा रही भाजपा
लक्ष्मेंद्र गुलेरिया वर्ष 2005 से समाजसेवा कर रहे हैं और वर्ष 2012 में उन्होंने मंडी बचाओ संघर्ष मोर्चा का गठन किया था। इसके माध्यम से प्रदेश भर में काफी सामाजिक गतिविधियों का संचालन हो रहा है लेकिन अब लक्ष्मेंद्र गुलेरिया ने कांग्रेस पार्टी के हाथ को थाम लिया है। लक्ष्मेंद्र गुलेरिया ने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार आम जनता को महंगाई के बोझ तले दबा रही है और इसके प्रति संगठन में रहकर आवाज उठाने की मंशा से उन्होंने कांग्रेस पार्टी को ज्वाइन किया है। उन्होंने कहा कि टिकट को लेकर उनकी कोई मंशा नहीं है और वह इसके लिए पार्टी में नहीं आए है। आम जनता की सेवा करना ही उनका उद्देश्य है।

कांग्रेस पार्टी जल्द करेगी बड़ा धमाका
मंडी जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक शर्मा ने लक्ष्मेंद्र गुलेरिया का पार्टी में आने पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के बहुत से नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उनके संपर्क में हैं जो वहां पर गलत नीतियों के कारण घुटन महसूस कर रहे हैं। दीपक शर्मा ने कहा कि जल्द ही एक बड़ा धमाका होगा और सैंकड़ों की संख्या में भाजपा के यह लोग कांग्रेस में शामिल होंगे।

Vijay