लाखों की धोखाधड़ी के तार नाइजीरिया से जुड़े

Wednesday, Nov 04, 2020 - 10:41 AM (IST)

पालमपुर (भृगु): लाखों की धोखाधड़ी के तार नाइजीरिया से भी जुड़ते दिख रहे हैं। पुलिस जांच में कुछ महत्वपूर्ण सुराग पुलिस को मिले हैं। ऐसे में पुलिस अब इन सभी तथ्यों की गहनता से विश्लेषण कर रही है ताकि सभी तथ्यों की पुष्टि की जा सके। विदित रहे कि सोशल मीडिया पर महिला का मित्र बनकर 48 लाख रुपए की धनराशि के फ्रॉड का मामला सामने आया था। मामला गत वर्ष अक्तूबर माह में घटा था तथा पुलिस लगभग 1 वर्ष पश्चात इस प्रकरण के एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफल रही। पुलिस ने मिजोरम के रहने वाले एक व्यक्ति को दिल्ली से गिरफ्तार किया था। जिसके पश्चात पुलिस ने आरोपी से गहनता से पूछताछ आरंभ की है। बताया जा रहा है कि पूछताछ में उक्त आरोपी के कई अंतर्राजीय तार होने की बात सामने आई हैं। वहीं नाइजीरिया से भी लिंक जुड़ता दिखा है। ऐसे में पुलिस इन सभी तथ्यों की अपने स्तर पर पुष्टि करवा रही है। जिसके पश्चात पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। बताया जा रहा है कि यदि नाइजीरिया से लिंक जोड़ने के तथ्यों की पुष्टि होती है तो पुलिस नाइजीरियन एंबेसी से संपर्क साध सकती है।

उक्त आरोपी ने महिला का सोशल मीडिया पर मित्र बनकर उसे विश्वास में लिया था जिसके पश्चात उसने अपने खाते में ऑनलाइन 4800000 रुपए की धनराशि ट्रांसफर करवा ली थी। ऐसे में ठगी का अहसास होने पर महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। जिस पर पुलिस ने मामले की जांच आरंभ की थी। सुराग मिलने पर पालमपुर पुलिस की टीम दिल्ली रवाना हुई थी जहां से आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उपमंडल पुलिस अधिकारी डॉ अमित शर्मा ने बताया कि पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग पूछताछ में हाथ लगे हैं तथा उन सभी तथ्यों की पुष्टि की जा रही है उन्होंने कहा कि नाइजीरिया से भी मामला जुड़ता दिख रहा है। ऐसे में जो भी आवश्यक पग होगा पुलिस उठाएगी।

Jinesh Kumar