बर्फीले तूफान की चपेट में लाहौल-स्पीति, हिमस्खलन का बढ़ा खतरा

Tuesday, Feb 20, 2024 - 06:25 PM (IST)

मनाली (सोनू): लाहौल-स्पीति बर्फीले तूफान की चपेट में आ गया है। घाटी में तीसरे दिन भी हिमपात का क्रम जारी रहा। ग्रामीण क्षेत्रों में अढ़ाई से तीन फुट हिमपात हो चुका है। जनजीवन अस्त-व्यस्त है। अधिकतर दूर दराज के क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई है। संचार व्यवस्था भी कंही-कंही ठप्प है। पानी जमने से पेयजल की भी किल्लत गहरा गई है। बर्फीले तूफान के चलते ग्रामीण घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। हिमपात के चलते बने खतरे को देखते हुए ग्रामीण घरों की छतों से बर्फ हटाने में जुट गए हैं। फागली के चलते अपने रिश्तेदारों के घर गए लोग भारी हिमपात के चलते वहीं फंस गए हैं।

घाटी में 2 दिन से सभी छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही बन्द है। दूसरी ओर घाटी में 3 फुट से अधिक बर्फ पड़ने से जगह-जगह हिमस्खलन का भी खतरा बढ़ गया है। लाहौल-स्पीति प्रशासन ने लोगों को घरों से न निकलने की सलाह दी है। कोकसर, सिस्सू, गोंदला, तांदी, योचे, छीका, रारिक, दारचा जिस्पा, प्यूकर, केलंग, मालंग, मारबल, रापे, राशेल, कीर्तिंग, जाहलमा, थिरोट, सिंदवादी, नेंनगहर, गवाडी, चौखंग व उदयपुर सहित समस्त मायड़ घाटी में गत दिनों से भारी हिमपात हो रहा है। डीसी राहुल कुमार ने घाटी वासियों से आग्रह किया कि मौसम साफ होने तक घरों से बाहर न निकलें। भारी हिमपात से हिमस्खलन की आशंका भी बढ़ गई है इसलिए हिमस्खलन वाले क्षेत्रों में न जाएं और सतर्क रहें।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay