कालाअंब में तेजधार हथियार से मजदूर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Friday, Oct 28, 2022 - 10:18 PM (IST)

नाहन (साथी): कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र में बिहार के रहने वाले एक मजदूर का कत्ल हो गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने अभी हत्या के कारणों का खुलासा नहीं किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने इस वारदात को घर में बने बाथरूम में अंजाम दिया। हत्या करने के लिए आरोपी ने तेजधार हथियार का प्रयोग किया है। मृतक की पहचान अरविंद सिंह पुत्र बच्चा सिंह निवासी गांव बहुआरा हरिबंस तहसील केसरिया (बिहार) के रूप में की गई है जबकि आरोपी की पहचान रमेश राजबर पुत्र विश्वनाथ राजबर निवासी गाड्डव छतीराम परतावल बाजार, डाकखाना महाराज गंज नोतनवा उत्तर प्रदेश के रूप में की गई है। आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा। 

एसपी रमन कुमार मीणा ने बताया कि पुलिस थाना कालाअम्ब मे टुन्नू पासवान निवासी गांव बहुआरा हरिबंस जिला मोतीहारी (बिहार) की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। टुन्नू पासवान ने शिकायत में बताया कि 27 अक्तूबर की रात करीब सवा 9 बजे वह अपने कमरे में खाना बना रहा था तथा अरविंद भी कमरे में ही बैठा था। अरविंद कमरे से उठकर बाहर लघुशंका करने गया तथा काफी देर तक वापस नहीं आया। इस पर उसने गुड्डू पासवान को देखने के लिए भेजा तो गुड्डू पासवान कुछ ही समय में दौड़ता हुआ वापस कमरे में आया और बताया कि रमेश राजबर अरविंद को बाथरूम में मार रहा है।

यह सुनकर टुन्नू पासवान भी दौड़ता हुआ बाथरूम के पास गया तो देखा कि रमेश राजबर किसी हथियार से अरविंद सिंह के मुंह पर वार कर रहा था। उसने अरविंद को बचाने की कोशिश की तो आरोपी ने उसके ऊपर भी वार करने की कोशिश की। वहीं शोर सुनकर छोटन, तारिक व राजेंद्र व अन्य कंपनी में काम करने वाले मजदूर भी मौके पर आ गए, जिन्होंने अरविंद को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया व अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। अरविंद जोहड़ों कालाअंब में मजदूरी का काम करता था।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay