कुटलैहड़ अवैध खैर कटान मामला: फोरैस्ट गार्ड सस्पैंड, डिप्टी रेंजर चार्जशीट

Friday, Mar 01, 2019 - 12:19 PM (IST)

 

ऊना (सुरेन्द्र): कुटलैहड़ क्षेत्र के तहत मलांगड़, नरुं और अरलू के यू.पी.एफ. वन क्षेत्र से अवैध रूप से काटे गए खैर पेड़ों के मामले में एक फारैस्ट गार्ड को सस्पैंड तो डिप्टी रेंजर को चार्जशीट कर दिया है। इससे पहले वन विभाग की तरफ से दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। नोटिस की समयावधि खत्म होने के बाद फोरैस्ट गार्ड व डिप्टी रेंजर के खिलाफ इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। डी.एफ.ओ. यशुदीप सिंह ने गार्ड को सस्पैंड और डिप्टी रेंजर को चार्जशीट करने के मामले की पुष्टि की है। 

डी.एफ.ओ. ने माना कि अवैध कटान के मामले में विभाग ने यह कार्रवाई की है। उधर, पुलिस का शिकंजा कसने के बाद कुछ लोग अग्रिम जमानत के लिए हाथ पांव मार रहे हैं। अवैध कटान के मामले में हुई एफ.आई.आर. के बाद 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। एक आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस कार्रवाई में जुटी है जबकि कुछ संदिग्ध अग्रिम जमानत की फिराक में हैं। वन विभाग और पुलिस का शिकंजा कसते देख कुछ माफिया के लोग भूमिगत भी हो गए हैं।

पेड़ों की गणना करने में जुटा वन विभाग

कुटलैहड़ क्षेत्र के तहत यू.पी.एफ. मलांगड़ (मलांगड़ ब्राह्मणा), नरुं और अरलू में बड़े स्तर पर खैर के पेड़ों का कटान हुआ था। क्षेत्र में पेड़ों के कटान के साथ-साथ उन्हें जड़ों से ही उखाड़ दिया गया है। इस मामले में वन विभाग ने पुलिस में भी एफ.आई.आर. दर्ज करवाई है। पुलिस में दी गई शिकायत में सरकारी वन क्षेत्र से चोरी छिपे पेड़ों का अवैध कटान करने सहित पेड़ों को गायब करने का विवरण दिया गया है। वन विभाग भी उन पेड़ों की गणना करने में जुटा हुआ है जो चोरी छिपे सरकारी वन क्षेत्र से काटे गए हैं।

कर्मचारियों की भूमिका पर उठ रहे सवाल

वन विभाग के कर्मियों पर कार्रवाई के बाद अब पुलिस और वन विभाग वन काटुओं पर कार्रवाई के लिए जुट गया है। आखिर ऐसे कौन वनकाटू हैं जो बड़े स्तर पर सरकारी वन क्षेत्र में अवैध कटान को अंजाम दे रहे थे। सवाल वन विभाग के निचले स्तर के कर्मचारियों की भूमिका पर भी खड़े हो रहे हैं। खैरों के पेड़ों के कटान के इस खेल में कई लोगों पर अब शिकंजा कसना तय है।

जड़ों सहित उखाड़ दिए हैं पेड़

न केवल यू.पी.एफ. बल्कि बी.बी.एम.बी. क्षेत्र से भी कई पेड़ों का कटान चोरी छिपे हुआ है। बताया जा रहा है कि वन माफिया काफी समय से इस क्षेत्र में सक्रिय था और अवैध कटान की कार्रवाई को अंजाम दे रहा था। मामला प्रकाश में आया तो पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। एक नहीं बल्कि तीन क्षेत्रों से पेड़ों के कटान की बात सामने आई। अब वन विभाग की टीमें पूरे क्षेत्र को खंगालने में जुटी हुई हैं। हालात यह हैं कि पेड़ों को जड़ों से ही उखाड़ दिया गया है। कुछ पेड़ों की लकड़ी को क्षेत्र में ही छिपाया गया था ताकि उसे धीरे-धीरे ले जाया जा सके। वन विभाग ने पूरी लकड़ी को जब्त कर लिया है। एक गाड़ी को भी लकड़ी सहित जब्त किया गया है।

Ekta