गुरलाहड़ में कच्चा मकान गिरा, मां-बेटा घायल

Wednesday, Sep 09, 2020 - 07:33 PM (IST)

ज्वालामुखी (कौशिक): ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र की समीपवर्ती पंचायत कथोग के गुरलाहड़ गांव में एक कच्चा मकान गिर जाने से उस में रह रहे 2 लोग बुरी तरह से घायल हो गए हैं, जिन्हें ज्वालामुखी सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें टांडा मैडीकल कॉलेज के लिए रैफर किया गया है। जानकारी के मुताबिक बलदेव पुत्र जैसी राम गांव गुरलाहड़ कथोग पंचायत के निवासी है जो मेहनत मजदूरी का काम करता है वह पिछली रात अपनी पत्नी मधुबाला और 15 वर्षीय लड़के के साथ मकान में सोया हुआ था। उसकी पत्नी और बेटा कमरे के अंदर सोए हुए थे और वह बरामदे में सोया हुआ था। रात को मकान गिर गया और वह मकान के नीचे दब गए। लोगों के सहयोग के बाद उन्हें निकाला गया और तुरंत सिविल अस्पताल ज्वालामुखी ले जाया गया। वहां पर डॉक्टरों ने बलदेव का प्राथमिक उपचार किया और उसके बेटे व पत्नी की गंभीर अवस्था को देखते हुए दोनों को टांडा मैडीकल कॉलेज भेज दिया।

Jinesh Kumar