देवदार के स्लीपरों सहित पिकअप जब्त, चालक फरार

Friday, Mar 08, 2019 - 07:58 PM (IST)

कुल्लू (धनी राम): ऊंचे इलाकों में बर्फबारी की आड़ में वन माफिया सक्रिय हो गया है। वन विभाग ने वन माफिया पर शिकंजा कसने के लिए जिला की कई वन बीटों में नाके लगाए जा रहे हैं। वन काटुओं पर शिकंजा कसने के लिए आर.ओ. कुल्लू बलदेव शर्मा की अगुवाई में बाराहार में नाका लगा रखा था। शुक्रवार को सुबह करीब साढ़े 10 बजे बाराहार से कुल्लू की ओर महिंद्रा पिकअप आ रही थी। वन विभाग की टीम ने शक के आधार पर तलाशी के लिए वाहन को रोका तो उसके अंदर से देवदार के 33 स्लीपर बरामद हुए। जांच के दौरान देवदार के स्लीपर अवैध पाए गए लेकिन जीप में सवार चालक व अन्य व्यक्ति फरार हो गए हैं।

वन काटुओं को पकडऩे के लिए विभाग ने अभियान छेड़ दिया

वन व पुलिस विभाग ने मामला दर्ज कर देवदार की लकड़ी व वाहन को कब्जे में ले लिया है। देवदार के स्लीपर किसके हैं और किस जंगल से लाए गए हैं, वन विभाग ने इसकी छानबीन शुरू कर दी है। डी.एफ.ओ. कुल्लू डा. नीरज चड्ढा ने कहा कि वन विभाग ने वन संपदा को नष्ट करने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। उन्होंने कहा कि वन विभाग की टीम ने पुलिस विभाग के सहयोग से बाराहार में 33 देवदार के स्लीपरों सहित वाहन जब्त किया है। उन्होंने कहा कि वन काटुओं को पकडऩे के लिए विभाग ने अभियान छेड़ दिया है।

Kuldeep