कुल्लू-मनाली NH के बरान नाले में बादल फटने से मची तबाही, 5 वाहनों को नुकसान (Video)

Wednesday, Jul 18, 2018 - 09:55 AM (IST)

मनाली (सोनू): पर्यटन नगरी मनाली में अब बारिश आफत बनने लगी है। बारिश के कारण जगह जगह भूस्खलन व पप्थर गिर रहे हैं, जिससे कुल्लू-मनाली नेशनल हाइवे में सफर जोखिम भरा हो गया है। मंगलवार को भी कुल्लू-मनाली नेशनल हाइवे के बरान नाले में बादल फटने से 5 वाहन एक बाइक क्षतिग्रस्त हो गए हैं। रात 3 बजे अचानक नाले में जोर-जोर की आवाज सुनाई दी। ग्रामीण समझ गए कि नाले में बाढ़ आ गई है।


बाढ़ से बरान, डोभा ओर 18 मील में हड़कंप मच गया। नाले किनारे रह रहे ग्रामीणों ने घर छोड़ कर पड़ोसियों के घरों में शरण ली।


गांव की ओर पानी आता देख उन्होंने नाले में जाकर पप्थर डालकर पानी के बहाव को नाले की ओर मोड़ा। 


बाढ़ से आए मलबे ने हाइवे का करीब 100 मीटर स्ट्रेच दबा दिया है। जिसे देखते हुए बरान के ग्रामीणों ने क्लाथ के ग्रामीणों को भी आगह कर दिया।


बाढ़ से गांव की सड़कें जगह-जगह टूट गई हैं जिससे ग्रामीणों के वाहन फंस गए हैं। वहीं इलाके के ग्रामीणों ने बताया कि रात 1 बजे के बाद बारिश बिल्कुल बंद थी। उन्होंने करीब पौने 3 बजे रात को नाले में बाढ़ की आवाज सुनी।


गांव के रास्ते भी बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। एसडीएम मनाली रमन घरसँगी ने बताया कि बरान नाले में बादल फटने से जानी नुकसान नहीं हुआ है लेकिन 5 गाड़िया क्षतिग्रस्त हुई हैं।


उन्होंने बताया कि बाढ़ से हुए नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। बंद पड़े कुल्लू-मनाली नेशनल हाइवे को भी बहाल किया जा रहा है। 


Ekta