कुल्लू-मनाली एन.एच. पर सफर करना जोखिम भरा

Friday, Jul 20, 2018 - 12:55 PM (IST)

कुल्लू  : लगातार हो रही बारिश से मनाली-कुल्लू नैशनल हाईवे पर सफर करना जोखिम भरा हो गया है। जगह-जगह भू-स्खलन हो रहा है जिससे मार्ग अवरुद्ध हो गया है। क्लाथ के पास बिंदूढोग में पहाड़ी के कुछ भाग में दरार पड़ गई है जिससे खतरा अधिक बढ़ गया है। बार-बार मलबा व पत्थर गिरने से नैशनल हाईवे अवरुद्ध हो रहा है। बारिश के कारण सड़क दलदल में तबदील हो रही है। पहाड़ी से पत्थर गिरने का खतरा 24 घंटे बना हुआ है जबकि दलदल के कारण वाहन भी उसी प्वाइंट पर फंस रहे हैं।

वीरवार को भी कई बार नैशनल हाईवे पर वाहनों की रफ्तार रुकी लेकिन मार्ग बीच-बीच में खुलता रहा जिससे ट्रैफिक भी रुक-रुक कर चलता रहा। मनाली-कुल्लू नैशनल हाईवे पर निर्माण कार्य के चलते की गई कटाई ही भू-स्खलन का मुख्य कारण बनी हुई है। वाहन चालक गोपाल और विनोद ने बताया कि वीरवार को भू-स्खलन का क्रम चलने से दिक्कतें जारी रहीं। उन्होंने कहा कि राहगीरों को दिनभर ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर मनाली-लेह मार्ग पर भी जिंगजिंगबार के पास भू-स्खलन का दौर जारी है। बार-बार हो रहे भू-स्खलन से लेह जाने और आने वाले सैलानियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

लाहौल-स्पीति पुलिस ने इस मार्ग पर सफर करने वालों की मदद के लिए और बारालाचा दर्रे की परिस्थितियों पर नजर रखने को सरचू में पुलिस चौकी स्थापित की है। हालांकि सरचू में सैलानियों के लिए ठहरने की उचित व्यवस्था है लेकिन जिंगजिंगबार में भू-स्खलन से दिक्कतें जारी हैं। मनाली के एस.डी.एम. रमन घरसंगी ने बताया कि लगातार हो रही बारिश को देखते हुए ब्यास नदी किनारे रह रहे लोगों को सतर्क किया गया है और हालात पर नजर रखी जा रही है। एस.डी.एम. ने बताया कि बिंदूढोग पर लगातार गिर रहे मलबे को लेकर प्रशासन सतर्क है। ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने को अतिरिक्त पुलिस जवान तैनात किए हैं।

kirti