PICS: जलोड़ी दर्रे में मौसम फिर मेहरबान, कुफरी में हल्की बर्फबारी से पर्यटक खुश

Tuesday, Jan 03, 2017 - 02:04 PM (IST)

आनी: कुल्लू घाटी के मौसम ने एक बार फिर से करवट ली है। 10280 फुट की ऊंचाई पर बसे आनी के जलोड़ी दर्रे में मौसम एक फिर से मेहरबान हुआ। जलोड़ी दर्रे पर सोमवार को 5 इंच ताजी बर्फबारी हुई है, जिससे घाटी में शीतलहर दौड़ गई है। वहीं सोमवार दोपहर आनी में भी तापमान में एकाएक गिरावट आने से रुक-रुक कर बारिश हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने ठंड से बचाव के लिए बुखारी जलाना शुरू कर दिया है। जलोड़ी दर्रे पर बर्फबारी होने से एन.एच. 305 सड़क मार्ग में आनी-कुल्लू के मध्य यातायात थम गया है। वर्षा व हिमपात होने से किसानों व बागवानों में खुशी की लहर दौड़ गई है। लोग वर्षा व बर्फबारी के लिए कई दिनों से अपने ईष्ट देवताओं से फरियाद लगा रहे थे, जिसे इंद्र देवता ने सुन लिया है।


पर्यटन स्थल कुफरी में भी हुई हल्की बर्फबारी
विश्व प्रसिद्ध पर्यटन केंद्र कुफरी में बीते शाम हुई हल्की बर्फबारी ने फिर पर्यटकों को खुश कर दिया है। सोमवार को कुफरी पहुंचे सैंकड़ों पर्यटकों ने ताजी बर्फ के बीच फोटोग्राफी सहित सैल्फी ली तथा एक-दूसरे पर बर्फ के गोले बरसाए। बर्फबारी के चलते आज तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। शीतलहर के चलते समूचे इलाके में एक बार फिर कड़ाके की ठंड बढ़ गई है। हालांकि आज मौसम साफ था और दिन को धूप भी खिली रही, बावजूद इसके लोग काफी ठंड महसूस करने लगे हैं। केंद्र में अभी ज्यादातर पर्यटक पड़ोसी राज्यों पंजाब, हरियाणा व दिल्ली से आए अजीत सिंह, नवीन, राजीव व रेशमा, राखी, नूतन तथा हरियाणा के दीप, संजू, राकेश कामिनी, रोहिणी व हिना ने बताया कि वे खासकर न्यू ईयर मनाने शिमला आए हैं, जिसके चलते आज दोबारा कुफरी में मौज-मस्ती करने पहुंचे।