पुलिस को मिली बड़ी सफलता: हैरोइन के मुख्य सप्लायर 2 नाईजीरियन गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, Dec 08, 2019 - 08:07 PM (IST)

कुल्लू, (शम्भू प्रकाश): कुल्लू पुलिस ने हैरोइन सप्लाई के मामले में 2 मुख्य सरगनों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों की गिरफ्तारी दिल्ली में हुई है। पुलिस टीम दोनों को दिल्ली से कुल्लू लेकर आई है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। इन दोनों नाईजीरियन सरगनों की गिरफ्तारी मादक द्रव्य अधिनियम की धारा-29 में हुई है। पुलिस के अनुसार पिछले 5 महीनों में जिला कुल्लू में हैरोइन के 30 से ज्यादा केसों में 500 ग्राम से ज्यादा हैरोइन की बरामदगी हुई है, जिसमें 55 से ज्यादा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इन केसों में बड़े स्तर पर चिट्टा सप्लाई करने वाले लोकल सप्लायर पकड़े गए तो उनसे चिट्टे के सोर्स के बारे में पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि कुछ नाईजीरियन दिल्ली में चिट्टा सप्लाई करने का काम करते हैं। जो काफी सारे मामलों की इन्वैस्टीगेशन में सामने आया है। इन सभी का मेन सोर्स का ङ्क्षलक दिल्ली में ही निकला।

आरोपियों को दिल्ली में दबोचा

 इस पर कुल्लू पुलिस ने गुप्त तरीके से इन सभी केसों की एक साथ जांच की और एक 8 सदस्यीय विशेष टीम इंस्पैक्टर सुनील सांख्यान के नेतृत्व में दिल्ली भेजी गई। इस टीम ने 2 नाइजीरियन आरोपियों को दिल्ली में दबोचा और उसके बाद कुल्लू लेकर आई। दोनों नाईजीरियन सरगनों की पहचान इब्राहिम (29) पुत्र बाकायोकू निवासी सीगुला जिला अभिकाश अबजान नाईजीरिया और ओलिशा (27) पुत्र आकेफर निवासी अकपोर अनामपारा नाईजीरिया के रूप में हुई है। इन दोनों को दबोचने वाली टीम में हैड कांस्टेबल हेमंत, राजेश, विजय, कांस्टेबल नितेश, संदीप राणा, प्रेम और विकास शामिल रहे।

2 अन्य आरोपियों ने भी दिल्ली से ही खेप लाए जाने की बात कही थी

एस.पी. गौरव सिंह ने दोनों नाईजीरियन को गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि हैरोइन की बड़ी खेप के साथ पकड़े गए 2 अन्य आरोपियों ने भी दिल्ली से ही खेप लाए जाने की बात कही थी। तस्करों की निशानदेही पर यह कार्रवाई की गई और दोनों को दबोचा गया।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Kuldeep

Recommended News

Related News