भगवान रघुनाथ जी की भव्य रथ यात्रा के साथ अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव का आगाज (Watch Pics)

Wednesday, Oct 05, 2022 - 05:13 PM (IST)

कुल्लू (ब्यूरो): अधिष्ठाता रघुनाथ जी की भव्य रथ यात्रा के साथ कुल्लू में अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव का आगाज हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस मौके पर शामिल हुए। दोपहर बाद रघुनाथ जी पालकी में सवार होकर लाव-लश्कर के साथ रथ मैदान पहुंचे। रथ मैदान में अनुष्ठान के उपरांत रघुनाथ जी के छड़ीबरदार महेश्वर सिंह व राज परिवार के अन्य सदस्यों ने रथ की परिक्रमा की। इसके बाद ढालपुर के रथ मैदान के ठीक सामने भेखली की पहाड़ी पर देवी जगन्नाथी भुवनेश्वरी लश्कर के साथ आई। दूसरी ओर ठीक सामने पुईद गांव में भी देवी का रथ निकला।

सूर्यास्त के बाद यह देवी अपने देवालय से बाहर आती हैं। देवी से इशारा मिलते ही रघुनाथ का रथ आगे बढ़ने लगा। रघुनाथ जी के रथ को हजारों लोगों ने खींचा और अस्थायी शिविर तक पहुंचाया। कई देवी-देवताओं की मौजूदगी में रघुनाथ जी सिया और लखन सहित अस्थायी शिविर में पहुंचे और 7 दिन यहीं पर रहेंगे। उत्सव में आए देवी देवता भी अपने अस्थायी शिविरों में विराजमान हो गए हैं।

रथ यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री अटल सदन के प्रांगण में खड़े होकर रथ यात्रा को देखते रहे और हजारों लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन भी स्वीकार करते रहे। दशहरा उत्सव के सातवें दिन लंका दहन के उपरांत रघुनाथ जी उत्सव में आए देवी-देवताओं से विदा लेकर अपने देवालय लौटेंगे। कुल्लू का दशहरा उत्सव ऐसे समय में शुरू होता है जब बाकी जगहों पर लंका दहन हो चुका होता है। कुल्लू में लंका दहन नहीं होता बल्कि अंतिम दिन लंकाबेकर में रावण वध की रस्म निभाई जाती है और लोग झाड़ियों को लंका दहन के प्रतीक के तौर पर जलाते हैं। कुल्लू में सन् 1660 से दशहरा उत्सव मनाया जा रहा है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay