कुल्लू कॉलेज की गतिविधियों को लगेंगे नए पंख, रूसा ने दी छात्रों को राहत

Tuesday, Jul 31, 2018 - 12:18 PM (IST)

कुल्लू (दिलीप): जिला के सबसे बड़े कुल्लू कॉलेज के लिए वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए 2 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए हैं। जल्द ही यह राशि उनको मिलने वाली है। इससे कॉलेज की गतिविधियों को और भी पंख लग जाएंगे। रूसा की ग्रांट से कॉलेज में एक इंडोर स्टेडियम, स्मार्ट रूम और कैमिस्ट्री लैब आदि बनाने की कवायद है। इनके प्राचार्य डा. नंद लाल शर्मा का कहना है कि इस राशि से इनके छात्रों को उम्दा सुविधाएं मिलेंगी। कुल्लू में अध्ययन करने वाले छात्रों की संख्या वर्ष दर वर्ष बढ़ रही है। जहां गत वर्ष छात्रों की संख्या 4,524 थी, वहीं इस वर्ष यह संख्या 4,750 हो गई है जबकि अभी तक कुछेक एम.ए. व अन्य विषयों की एडमिशन होना बाकी है। इस सत्र से राजनीतिक शास्त्र में छात्र एम.ए. कर सकेंगे और एम.सी.ए. की सुविधाएं भी इसी सत्र से छात्रों को उपलब्ध होंगी। कालेज में 15 स्मार्ट कक्षाएं चली हुई हैं। इनमें छात्रों को बेहतरीन पढ़ाई की सुविधा मिल रही है। 


कॉलेज में मिलेंगी ये सुविधाएं
बस पास बनाने के लिए छात्रों को इधर-उधर न भटकना पड़े, इसके लिए कालेज में ही सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को बस पास काऊंटर खोला गया है। कैंपस को वाई-फाई जोन में बदला गया है। प्राचार्य का कहना है कि कक्षा व इसके इर्द-गिर्द छात्रों को मोबाइल चलाने की अनुमति नहीं दी गई है। यदि कोई पकड़ा जाता है जो उससे जुर्माना लिया जाएगा और उसका मोबाइल भी जब्त किया जाएगा। इतिहास, संगीत और संस्कृत विषयों को छोड़कर अन्य सभी विषयों का पर्याप्त स्टाफ कॉलेज में उपलब्ध है। 


‘मोती निकले संस्थान से’ वाकिफ होंगे छात्र 
अब कुल्लू कालेज से ऊंचे ओहदे या अन्य गतिविधियों में उम्दा प्रदर्शन कर चुके पूर्व छात्रों को को भी यहां बुलाया जाएगा। इसका एक कार्यक्रम भी रखा गया है। इसका नाम मोती निकले संस्थान से है। अगस्त माह में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें छात्र जहां उनके विचारों से रू-ब-रू होंगे, वहीं ऐसी शख्सियतों के पदचिन्हों का भी अनुसरण कर सकेंगे। प्राचार्य नंद लाल शर्मा का मानना है कि ऐसी शख्सियतों पर किसी को भी गर्व हो सकता है। कुल्लू कालेज निश्चित तौर पर शिक्षा के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी नाम कमा रहा है। 

Ekta