बॉडी बिल्डर विश्वजीत भानू की हालत गंभीर

Saturday, Jul 13, 2019 - 11:01 PM (IST)

कुल्लू, (दिलीप): हिमाचल के जाने माने बॉडी बिल्डर विश्वजीत भानू की हालत अभी भी यथावत बनी हुई है। भानू के परिजनों से हुई बात में उन्होंने कहा कि विश्वजीत को ट्रामा सैंटर से आई.सी.यू. में शिफ्ट कर दिया है। भानू के नाक से रक्त रिसाव हो रहा है और सिर पर गम्भीर चोटें आई हैं। चक्कर आने के बाद बार-बार बेहोश हो रहा है। विश्वजीत भानू की धर्मपत्नी नेहा भानू और ससुर तेजस्वि भारती ने कहा कि विशेषज्ञ डाक्टर लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। सिर की गम्भीर चोटों के अलावा हाथ, पीठ, कमर और छाती पर भी चोटें आई हैं। हमलावरों ने भानू के सिर को मुख्यत: निशाना बनाया है, जिससे उनकी स्थिति तीसरे दिन भी चिंताजनक बनी हुई है। बता दें कि 9 जुलाई की शाम को नामी बॉडी बिल्डर विश्वजीत भानू पर भुंतर में जानलेवा हमला हो गया था।

अभी तक पुलिस के हाथ एक भी आरोपी नहीं आया

हमले में भानू को गम्भीर चोटें आई थीं और उन्हें कुल्लू में प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विश्वजीत भानू पर 8 लोगों ने जानलेवा हमला किया, जिसमें विश्वजीत गम्भीर रूप से जख्मी हो गया। विश्वजीत शाढ़ाबाई में दुकान चलाते हैं और उसी की दुकान में जाकर 8 लोगों ने लोबेसबॉल और रोड के साथ विश्वजीत भानू पर हमला किया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे पी.जी.आई. रैफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की धरपकड़ शुरू कर दी है लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ एक भी आरोपी नहीं आया है। पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली से भुंतर में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

Kuldeep