महंगाई पर नियंत्रण नहीं तो फिर भाजपा का नियंत्रण किस पर : राठौर

Thursday, Oct 14, 2021 - 11:46 PM (IST)

धर्मशाला (जिनेश): भाजपा की यह नीति रही है कि प्रदेश के मुद्दों को भटकाती है। भाजपा की हालत अब प्रदेश की जनता भी जान चुकी है। उपचुनावों में जनता इसका जवाब देगी। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने धर्मशाला में पत्रकार वार्ता में कहा कि महंगाई पर कोई कार्रवाई करने एवं नियंत्रित करने की बजाय सरकार तर्क देती है कि इस पर सरकार का नियंत्रण नहीं है। सीमैंट, पैट्रोल-डीजल को लेकर सरकार का यही तर्क होता है। अगर सरकार का किसी चीज पर नियंत्रण नहीं है तो भाजपा स्पष्ट करे कि उनका नियंत्रण किस चीज पर है। जिस सरकार का किसी भी चीज पर नियंत्रण नहीं है तो वह सरकार क्यों है।

भाजपा बताए, पिछले 4 सालों में ऐसे कौन से 4 विकास कार्य किए

उन्होंने कहा कि जयराम सरकार के मंत्री कह रहे हैं कि भाजपा विकास के नाम पर उपचुनाव में उतर रही है एवं जनता के समक्ष विकास कार्य लाए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार बताए कि पिछले 4 सालों में ऐसे कौन से 4 विकास कार्य किए हैं। प्रदेश सरकार बताए कि पिछले 4 साल में हिमाचल के लिए कौन सी बड़ी योजना लाए, कौन का शैक्षणिक संस्थान या अस्पताल खोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों को प्रताडि़त कर रही है। जनमंच के माध्यम से अधिकारियों व कर्मचारियों को जनता के समक्ष ले जाकर जलील किया जा रहा है।

भाजपा के मंत्री-विधायक परिवारवाद की उपज

उपचुनावों में कांग्रेस पर परिवारवाद के आरोप लगाने वाली सरकार यह क्यों भूल जाती है कि उनके खुद के मंत्री व विधायक परिवारवाद की उपज हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के केंद्रीय खेल व सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर खुद परिवारवाद की उपज है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay