राठौर बोले-दिल्ली चुनाव में BJP के सभी प्रयास लोकतंत्र के लिए खतरनाक

Saturday, Feb 08, 2020 - 04:50 PM (IST)

हमीरपुर (अरविंदर): दिल्ली में भाजपा नेताओं के चुनावों को प्रभावित करने के लिए जो भी प्रयास किए हैं वे सब लोकतंत्र के लिए खतरनाक साबित होंगे और देश की अखंडता के लिए इस तरह का चुनाव प्रचार सही नहीं है। यह बात कांग्रेस पार्टी प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने हमीरपुर में एक निजी कार्यक्रम में शिरकत करने दौरान पत्रकारों से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि भाजपा के भ्रम प्रचार के बावजूद पार्टी दिल्ली नहीं जीत पाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता का दुरुपयोग किया है और कांग्रेस ने दिल्ली चुनाव पूरी गंभीरता से लड़ा है।

भाजपा विपक्ष को मान रही अपना शत्रु

उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव को जीतने के लिए हर हथकंडा अपना रही है जोकि ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि पक्ष व विपक्ष में वैचारिक भिन्नता हो सकती है लेकिन भाजपा विपक्ष को अपना शत्रु मान रही है। उन्होंने कहा कि देश में राजनीति सौहर्द को खत्म करने का प्रयास भाजपा द्वारा किया जा रहा है। 

कांग्रेस संगठन में कोई भी गुटबाजी नहीं

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस संगठन में कोई भी गुटबाजी नहीं है। उन्होंने कहा कि वैचारिक भिन्नता को गुटबाजी नहीं कह सकते। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं में महत्वकांक्षा होनी चाहिए तभी तरक्की हो सकती है लेकिन अति महत्वकांक्षा भी व्यक्ति को ले डूबती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जल्द नई कार्यकारिणी गठित होगी और प्रदेश में विपक्ष की भूमिका पार्टी जोरदार ढंग से निभाएगी।

छात्र संघ चुनावों की मांग जायज

उन्होंने कॉलेज छात्रों की छात्र संघ चुनावों की मांग को जायज ठहराते हुए कहा कि छात्र संघ होने चाहिए लेकिन यह भी सुनिश्चित होना चाहिए की पढ़ाई व शैक्षणिक माहौल खराब नहीं होना चाहिए।

Vijay