सोलन में बोले कुलदीप राठौर, कांग्रेस धनबल पर नहीं जनबल पर जीतेगी नगर निगम चुनाव

Friday, Mar 26, 2021 - 08:09 PM (IST)

सोलन (ब्यूरो): कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि कांग्रेस जनबल के दम पर नगर निगमों को बनाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा धनबल का प्रयोग नगर निगम बनाने के लिए कर रही है लेकिन कांग्रेस जनबल पर भाजपा को इसका करारा जवाब देगी। सोलन शहर के विभिन्न वार्डों में लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा सोलन नगर निगम का प्रभारी डॉ. राजीव बिंदल को लगाया गया है और बिंदल पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं।

उन्होंने कहा कि जनता महंगाई से त्रस्त है। कोरोना काल के बाद लोगों के कारोबार पूरी तरह से ठप्प पड़े थे और सभी उम्मीद जता रहे थे कि सरकार लोगों को कुछ राहत देगी लेकिन किसी भी प्रकार की राहत सोलन के लोगों को नहीं मिल पाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी समय संस्कारों वाली पार्टी के नाम से जानी जाती थी लेकिन अबके नेताओं ने संस्कारों वाले नेताओं को घर बिठा दिया है और भाजपा पर ऐसे नेता राज कर रहे हैं जिन्होंने देश को लुटवा दिया है।

Content Writer

Vijay