उपचुनाव में BJP प्रत्याशियों को प्रदेश सरकार की नाकामियां ही ले डूबेगी: राठौर

Thursday, Oct 03, 2019 - 04:31 PM (IST)

नादौन (संजीव बॉबी): हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला व पच्‍छाद में होने जा रहे उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को प्रदेश सरकार की नाकामियां ही ले डूबेगी। यह बात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने नादौन में पत्रकारों से बातचीत करते कही। शिमला से धर्मशाला जाते हुए नादौन क्षेत्र के प्रसिद्ध समाजसेवी व वरिष्ठ कांग्रेसी नेता बृजमोहन सोनी के निवास स्थान पर पत्रकारों से रू-ब-रू होते उन्होंने कहा कि प्रदेश में हो रहे उपचुनाव कांग्रेस पार्टी जनबल के सहारे चुनाव लड़ रही है, जबकि भाजपा धनबल के सहारे चुनाव में उतरी है। उन्होंने कहा कि जीत हमेशा जनबल की हुई है। 

कांग्रेस पार्टी इस चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है और इस चुनाव में युवा चेहरों को प्रत्याशी बनाया गया है। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार तथा प्रधानमंत्री होने का प्रदेश के चुनावों में कोई असर पड़ने वाला नहीं है क्योंकि प्रदेश में सत्तासीन भाजपा सरकार हर क्षेत्र में विकास करवाने में बुरी तरह असफल साबित हुई है। राठौर ने कहा यह चुनाव कांग्रेस पार्टी ही जीतेगी और पार्टी के वयोवृद्ध व शीर्ष नेता वीरभद्र सिंह का नेतृत्व पार्टी को दोनों सीटों पर विजयी बनाने में सहायक सिद्ध होगा।

राठौर ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के सत्तासीन होने के बाद जयराम सरकार केवल आंकड़ों की सरकार साबित हुई है जो कि विकास के झूठे आंकड़े लोगों को दिखाकर गुमराह कर रही है। राठौर ने कहा प्रदेश की जनता सब जानती है और वह इन दोनों सीटों पर भाजपा को धराशाई करके उसे आईना दिखाएगी। कांग्रेस पार्टी के कार्यकाल में शुरू की गई लोगों के लिए बनाई गई लाभकारी व विकास की योजनाएं ठप पड़ी है। प्रदेश सरकार कर्जे में डूब चुकी है और केंद्र से कर्ज लेकर काम चला रही है। इस अवसर पर कांग्रेस प्रवक्ता दीपक शर्मा बृजमोहन सोनी तथा कांग्रेस नेता सुरेश चंदेल भी उपस्थित रहे।

Ekta