कुलदीप राठौर ने एकजुटता की डोर में बांधे कांग्रेस नेता, कांगड़ा फतह के लिए बनाई रणनीति

Tuesday, Mar 08, 2022 - 10:18 PM (IST)

धर्मशाला (जिनेश): हिमाचल के आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की नैया पार लगाने के लिए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कांगड़ा जिले के वरिष्ठ नेताओं को एकजुटता की डोर में बांध दिया है। मंगलवार को कांग्रेस के सदस्यता अभियान में जिला कांगड़ा के सभी कांग्रेसी नेता उपस्थित हुए। इस दौरान प्रदेश प्रभारी पूर्व सांसद दीपादास मुंशी की अध्यक्षता में सदस्यता अभियान की समीक्षा भी की गई। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर विशेष रूप से मौजूद रहे। वहीं कांगड़ा फतह के लिए आगामी रणनीति भी बनाई गई।

सीएम चेहरे के लिए कांग्रेस में कोई गतिरोध नहीं : दीपादास मुंशी

पत्रकारों से बातचीत में दीपादास मुंशी ने कहा कि भाजपा के नेता कांग्रेस पर आरोप लगाते हैं कि कांग्रेस प्रदेश में एकजुट नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की एकजुटता के चलते ही उपचुनावों में कांग्रेस ने जीत हासिल की थी। उन्होंने कहा कि यही एकजुटता आने वाले चुनावों में भी कांग्रेस की तरफ से देखी जाएगी। प्रदेश में कांग्रेस की तरफ से सीएम का चेहरा अभी तक साफ न करने को लेकर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चुनना पार्टी की जीत के बाद जीते हुए विधायक दल की बैठक में होता है। दीपादास ने कहा कि सीएम के चेहरे के लिए कांग्रेस में कोई गतिरोध नहीं है। इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के सभी नेता एकजुट हैं और एकजुटता के साथ आने वाले चुनाव में जीत हासिल करेंगे। 

जीएस बाली को किया याद

पूर्व सांसद दीपादास मुंशी ने कहा कि पार्टी को पूर्व मंत्री जीएस बाली के जाने से बहुत आघात पहुंचा है। जीएस बाली के जाने से सिर्फ कांग्रेस पार्टी को ही नुक्सान नहीं हुआ है बल्कि पूरे प्रदेश के साथ-साथ जिला कांगड़ा को भी नुक्सान हुआ है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेता की कमी हमेशा कांग्रेस को खलेगी। 

इन मुद्दों पर घेरेंगे सरकार को 

सदस्यता अभियान की समीक्षा बैठक के दौरान प्रदेश की भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर घेरने के लिए कांग्रेस के नेताओं ने रणनीति बनाई। बैठक में सरकार द्वारा कांगड़ा की अनदेखी को लेकर विशेष चर्चा हुई, साथ ही कांगड़ा से सरकारी कार्यालयों को मंडी व अन्य जगह स्थानांतरित करने के मामले, टांडा मेडिकल काॅलेज एवं अस्पताल की दुर्दशा व फोरलेन प्रभावितों के मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार को घेरा जाएगा। बैठक में भाजपा सरकार के कांगड़ा विरोधी कार्यों पर भी चर्चा हुई तथा इसे जनता के सामने ज्यादा से ज्यादा लाने के बारे में भी कहा गया। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay