राहुल गांधी की रैली से पहले कांगड़ा पहुंचे कुलदीप राठौर, सभी को दिया टारगेट (Watch Video)

Sunday, Mar 03, 2019 - 04:55 PM (IST)

धर्मशाला (नृपजीत निप्पी): हिमाचल की चारों लोकसभा सीटों पर जीत को देखते हुए लोकसभा टिकट के लिए सबसे अधिक आवेदन किए गए हैं। यह बात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने रविवार को धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत में कही। राठौर ने कहा कि राहुल गांधी की रैली को लेकर सभी को टारगेट दिया गया है। सभी अपने-अपने स्तर पर भीड़ जुटाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की रैली में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग हुआ था, लेकिन हम अपने स्तर पर रैली करने जा रहे हैं, जिसे ऐतिहासिक बनाने के लिए हर कार्यकर्ता जुट गया है।

उन्होंने कहा कि रैली की तैयारियों का जायजा लेने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल सोमवार को धर्मशाला पहुंचेंगी। साथ ही पार्टी पदाधिकारियों से बैठक करके रैली को लेकर रणनीति तैयार करेंगी। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि एआईसीसी की महासचिव प्रियंका गांधी जिन्हें उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है, वो यदि हिमाचल में जनसभाएं करती हैं तो इसका निश्चित तौर पर फायदा होगा। पार्टी कार्यकर्ता प्रियंका गांधी में पूर्व पीएम इंदिरा गांधी की छवि देखते हैं। इसी को देखते हुए पार्टी अध्यक्ष से प्रियंका की रैलियां हिमाचल में करवाने का आग्रह किया है। यदि प्रियंका यूपी से कुछ समय निकालकर हिमाचल को देती हैं तो इसका प्रदेश में पार्टी को लाभ मिलेगा।

लोकसभा चुनावों में प्रत्याशी को लेकर कुलदीप राठौर ने कहा कि प्रदेश चुनाव समिति की बैठक हो चुकी है। इस बार कांग्रेस के जीतने की संभावना अधिक होने के चलते अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं ने टिकट के लिए आवेदन किया है। उन्होंने कहा कि अब स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होनी है। टिकट आबंटन को लेकर केंद्रीय नेतृत्व निर्णय लेगा। राठौर ने कहा कि कार्यकर्ताओं को पूरा विश्वास है कि अच्छे व युवा उम्मीदवार मैदान में होंगे तथा कार्यकर्ता मिलजुल कर उनकी जीत सुनिश्चित करेंगे।

 

Ekta