ल्हासा गिरने से पठानकोट-मंडी एन.एच. बंद, 13 घंटे बाद भी नहीं हुआ बहाल

Monday, Sep 03, 2018 - 11:00 PM (IST)

कोटला: रात भर हुई भारी बारिश होने से त्रिलोकपुर में एन.एच. 154 (पठानकोट-मंडी) पर फिर सोमवार सुबह करीब 6 बजे ल्हासा गिर गया, जिस कारण एन.एच. लगभग 13 घंटे बंद रहा तथा खबर लिखे जाने तक बहाल नहीं हो पाया था। हालांकि प्रशासन उसे बहाल करने में जुटा हुआ था। वहीं भू-स्खलन की चपेट में एक टिप्पर भी आ गया और खड्ड में जा गिरा। हालांकि इस हादसे में कोई भी घायल नहीं हुआ है। जानकारी के अनुसार कोटला से आ रहा एक टिप्पर उक्त स्थान पर फंस गया और 45 मिनट तक ड्राइवर टिप्पर को वहां से निकालने की जद्दोजहद करता रहा। इसी दौरान उक्त स्थान की मिट्टी धंस गई और टिप्पर भी इसके साथ खड्ड में जा गिरा। गनीमत रही कि इस हादसे से कुछ समय पहले ही ड्राइवर टिप्पर से बाहर आ गया था।

वाया सोलधां जा रहे वाहन
एन.एच. बंद होने की सूचना मिलते ही एस.डी.एम. ज्वाली, लो.नि.वि. कोटला के सहायक अभियंता, एन.एच. के कनिष्ठ अभियंता, डी.एस.पी. ज्वाली मौके पर पहुंच गए और वाहनों की आवाजाही वाया सोलधां से बहाल कर दी। इतने घंटे एन.एच. बंद होने के बावजूद भी एन.एच.ए.आई. का कोई भी अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचा था, जिस पर यहां पहुंचे स्थानीय विधायक अर्जुन सिंह ने संबंधित विभाग के प्रति नाराजगी जाहिर की है। खज्जियां के अंकुश शर्मा, त्रिलोकपुर के रमन कुमार व कोटला के विनय मेहरा ने कहा कि लोगों को बहुत ही परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और कीचड़ से होते हुए पैदल रास्ता पार करना पड़ रहा है। दुख की बात है कि यहां एन.एच.ए.आई. का कोई भी अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं आया।

यह कहना है पूर्व मंत्री डा. हरबंस राणा का
 इस जगह को काफी समय पहले से बरसात के दिनों में स्लाइडिंग जोन माना गया है। संबंधित विभाग को इसे गंभीरता से लेना चाहिए था। इस जगह पर काफी समय से दरारें देखने को मिली थीं पर फिर भी गंभीरता से नहीं लिया गया, जिसका नतीजा आज सामने है।


यह कहना है डी.एस.पी. ज्वाली ज्ञान चंद ठाकुर का
पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय मार्ग त्रिलोकपुर में ल्हासा गिरने से बंद हो गया है, उस उपरांत हमने गाडिय़ों को समय रहते सुचारू रूप से वाया सोलधां, मस्तगढ़ वाया राजा-का-तालाब से लांग रूट की गाडिय़ों को एस.पी. के निर्देशानुसार भेजा गया।


यह कहना है एस.डी.एम. ज्वाली अरुण शर्मा का
जो प्राकृतिक आपदा त्रिलोकपुर में भारी बरसात की वजह से हुई उसको हम जल्द  ठीक करने में लगे हुए हैं जबकि एन.एच.ए.आई. का कोई भी अधिकारी यहां सुबह से मौजूद नहीं रहा। हमारी कोशिश यह है कि इस रास्ते को सुचारू रूप से चलाया जाए।

Kuldeep